दैनिक जागरण ने अपने कुछ संपादकीय प्रभारियों को इधर से उधर किया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार विनोद ‘शील’ जो दैनिक जागरण, नोएडा के संपादकीय प्रभारी हुआ करते हैं, कुछ दिनों बाद अब यहां नहीं रहेंगे। उनका तबादला दैनिक जागरण, लखनऊ के लिए कर दिया गया है। इसी तरह दैनिक जागरण, लुधियाना और जालंधर के संपादकीय प्रभारी कमलेश रघुवंशी को नोएडा बुला लिया गया है। दैनिक जागरण, धर्मशाला के संपादकीय प्रभारी विजय गुप्ता अब दैनिक जागरण, लुधियाना के संपादकीय प्रभारी बनाए गए हैं।
इन तबादलों के बारे में जब कमलेश रघुवंशी से संपर्क किया गया तो उन्होंने खुद के नोएडा ट्रांसफर किए जाने की पुष्टि की। नोएडा में क्या काम देखेंगे, इस बारे में उन्होंने अनभिज्ञता जताई।
उनका कहना था कि प्रबंधन ने सिर्फ नोएडा तबादला किए जाने के बारे में सूचित किया है और उन्हें एक अक्टूबर को नोएडा आफिस को रिपोर्ट करना है। वहां जाने पर ही पता चल सकेगा कि क्या करना है।
विनोद ‘शील’ से जब संपर्क किया गया तो उन्होंने खुद के लखनऊ तबादला किए जाने की पुष्टि की। जब उनसे पूछा गया कि यह तबादला कहीं मैनेजमेंट की तरफ से पनिशमेंट तो नहीं है? तो इसके जवाब में उनका कहना था कि तबादले के पीछे कोई वजह नहीं है। पनिशमेंट या खराब परफारमेंस जैसी कोई बात नहीं है। प्रबंधन उनका हमेशा अच्छी जगह इस्तेमाल करता रहा है और इस अवसर को भी मैं इसी रूप में देखता हूं। हालांकि सूत्रों का कहना है कि विनोद ‘शील’ का अपने अधीनस्थों के प्रति जो खराब व्यवहार रहा है, वह भी उनके तबादले के पीछे एक कारण बना है। साथ ही, परफारमेंस भी तबादले के पीछे वजह माना जा रहा है।
जो भी हो, वर्षों से एक जगह जमे संपादकीय प्रभारियों के तबादले से और कोई खुश हो या न हो, जागरण कर्मी बेहद खुश हैं। तीनों संपादकीय प्रभारियों को उनकी नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं।











