वरिष्ठ पत्रकार अरुण कुमार भंडारी उर्फ एके भंडारी न्यूज एजेंसी यूनाइटेड न्यूज आफ इंडिया (यूएनआई) के नए जनरल मैनेजर और चीफ एडीटर बनाए गए हैं। वे यूएनआई की हिंदी शाखा वार्ता और उर्दू सेवा के भी हेड होंगे। वे यूएनआई से चार दशकों से जुड़े हैं। पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ से पत्रकारिता की डिग्री लेने वाले भंडारी 1969 में यूएनआई, दिल्ली आफिस में ट्रेनी सब एडीटर भर्ती हुए। वे अपनी प्रतिभा और मेहनत से सफलता की सीढ़ियां चढ़ते गए।
बाद में उन्हें 1970 के मध्य में पंजाब संकट के दौरान चंडीगढ़ भेज दिया गया। वहां उनके बेहतरीन काम के कारण आउट आफ टर्न प्रमोशन दिया गया। उन्हें हिमाचल प्रदेश सरकार की तरफ से बेस्ट डेवलपमेंट रिपोर्टिंग के लिए और मध्य प्रदेश विधानसभा की तरफ से पार्लियामेंट्री कवरेज के लिए सम्मानित किया गया। बाद में भंडारी ने बुडापेस्ट के इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट आफ जर्नलिज्म से प्रिंट और इलेक्ट्रानिक मीडिया में जर्नलिज्म का डिप्लोमा लिया। वे अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी, मिश्र समेत कई देशों में जाकर रिपोर्टिंग कर चुके हैं। भारत-पाकिस्तान संबंधों पर पाकिस्तान से भेजी गई उनकी रिपोर्ट्स के लिए उन्हें बेस्ट रिपोर्टर एवार्ड से नवाजा गया। अपने 39 वर्षीय पत्रकारीय करियर के अनुभवों के जरिए अब वे देश की प्रतिष्ठित समाचार एजेंसी यूएनआई को निखारने और आगे बढ़ाने का काम करेंगे।











