दैनिक भास्कर से इस्तीफा देने वाले पत्रकार जगदीश शर्मा अब नई पारी इलेक्ट्रानिक मीडिया में शुरू कर चुके हैं। वे ईटीवी से जुड़ गए हैं। वे संपादकीय सलाहकार के रूप में मध्य प्रदेश और राजस्थान दो प्रदेशों का कामधाम देखेंगे। वे ईटीवी के जयपुर आफिस में बैठेंगे।
कुछ महीने पहले दैनिक भास्कर, लुधियाना से तबादला पाकर भोपाल पहुंचे सचिन श्रीवास्तव ने भास्कर समूह के अखबार डीबी स्टार को टाटा बाय बाय बोल दिया है। वे इंदौर पहुंच गए हैं। यहां उन्होंने नए लांच हुए अखबार पत्रिका में नई पारी शुरू की है। इसी तरह नव दुनिया, भोपाल से विनोद सिंह ने इस्तीफा देकर पत्रिका, इंदौर के साथ काम शुरू कर दिया है।
दैनिक भास्कर, यमुनानगर से इस्तीफा देकर मनीष कुशवाहा और आशुतोष पाठक ने पत्रिका, इंदौर ज्वाइन कर लिया है।
नवभारत टाइम्स, फरीदाबाद के रिपोर्टर राकेश दास और हिन्दुस्तान, फरीदाबाद के रिपोर्टर पवन जाखड़ ने अपने-अपने संस्थान को छोड़कर नई दुनिया, फरीदाबाद का दामन थाम लिया है।
मनोज कुमार ने दैनिक भास्कर से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने नई पारी फरीदाबाद में “आज समाज” के साथ शुरू की है। अमर उजाला छोड़कर 2000 में भास्कर ज्वाइन करने वाले मनोज ने भास्कर के लिए फतेहाबाद, सिरसा और रेवाड़ी में काम किया।











