वीओआई से दो सीनियर लोगों के इस्तीफा देने की खबर है। डीजीएम आपरेशन अरविंद झा और एक्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर सिद्धेश्वर मिश्रा ने इस चैनल को टाटा बाय बाय बोल दिया है। सिद्धेश्वर मिश्रा ने भड़ास4मीडिया से कहा कि खराब स्वास्थ्य के चलते वे यहां से विदा ले रहे हैं। हालांकि सूत्रों का कहना है कि उन्होंने चैनल में अनप्रोफेशनल माहौल, सेलरी टाइम पर न मिलना और कामकाज में अनावश्यक हस्तक्षेप के चलते इस्तीफा दिया। उन्होंने कहा कि शुरुआती जो टीम थी, उसके साथ दो-तीन महीने तक सब ठीक चला। इधर माहौल काफी खराब हो गया है। ऐसे में काम करना मुश्किल हो रहा था। उल्लेखनीय है कि सिद्धेश्वर चैनल शुरु करने वाली टीम में रहे हैं। इस बीच सूचना है कि वीओआई प्रबंधन दिल्ली से लेकर मुंबई तक में छंटनी की कवायद में लगा हुआ है।
इन दोनों आफिसों से पिछले कुछ दिनों में आधा दर्जन लोगों से जबरन इस्तीफा लिया जा चुका है। हैदराबाद से मिली खबर के मुताबिक वहां वीओआई के पूर्व स्टाफ, टैक्सी वाला और आफिस मालिक ने कोर्ट में जाने की कार्यवाही शुरू कर दी है। इसके तहत वीओआई प्रबंधन को एक नोटिस भेज दिया गया है। नोटिस का जवाब तय समय सीमा में न आने पर ये लोग कोर्ट में मुकदमा कर देंगे।











