दैनिक भास्कर ने बरसों पुराने संपादकीय ढांचे में तब्दीली करते हुए आंचलिक संस्करणों को मजबूत करने के लिए सिटी संस्करण के समानांतर सिस्टम खड़ा करने का निर्णय लिया है। पिछले दिनों भोपाल में आयोजित दैनिक भास्कर की तीन दिनी एडीटोरियल कान्क्लेव में मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के विभिन्न संस्करणों में रीजनल एटीडर पद की व्यवस्था कर दी गई है।
यह रीजनल एडीटर सीधे स्टेट मुख्यालय में बैठने वाले कोआर्डिनेटर को रिपोर्ट करेंगे और अपने संस्करण के रीजनल संस्करणों के लिए पूरी तरह से जवाबदेह होंगे। रीजनल एडीटर पद की नई जिम्मेदारी संभालने वाले संपादकीय साथियों को अखबार का सर्कुलेशन बढ़ाने की भी जिम्मेदारी दी गई है।
कई संस्करणों के संपादकों के दायित्वों में परिवर्तन
रमेश, हरिमोहन और कौशल होंगे समन्वयक
डा.रमेशचंद अग्रवाल को राजस्थान, ग्वालियर के कार्यकारी संपादक हरिमोहन शर्मा को मध्य प्रदेश और कौशल शर्मा को छत्तीसगढ़ में रीजनल एडीटरों से कोआर्डिनेशन की जिम्मेदारी दी गई है। हरिमोहन शर्मा के भोपाल जाने से रिक्त ग्वालियर संपादक के पद पर पानीपत संस्करण के स्थानीय संपादक दिनेश मिश्रा को भेजा गया है और दिनेश के स्थान पर अमर उजाला जम्मू से आए अभिजीत मिश्रा को संस्करण का जिम्मा सौंपा गया है।
अनूप, मनोज और अकेला को जिम्मेदारी
सागर संस्करण के संपादकीय प्रभारी अनूप शाह को भोपाल का रीजनल एडीटर, भास्कर नेशनल टैलेंट पूल के सदस्य मनोज पमार को ग्वालियर का रीजनल एडीटर और छिंदवाड़ा के नरेंद्र सिंह अकेला को इंदौर का रीजनल एडीटर बनाया गया है। पमार को हाल में मध्य प्रदेश सरकार के पहले रतनलाल जोशी पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। रायपुर में यह जिम्मेदारी राजेश जोशी व बिलासपुर में प्राण चड्ढा को दी गई है।
शक्ति, महावीर व भूपेंद्र को भी प्रभार
शक्ति प्रकाश सिंह को जयपुर में रीजनल की जिम्मेदारी दी गई है। भास्कर नेशनल टैलेंट पूल से हाल ही में जयपुर भेजे गए महावीर राठी को जोधपुर का रीजनल एडीटर बनाया गया है। इसी प्रकार भूपेंद्र शर्मा को कोटा, प्रकाश शर्मा को उदयपुर और बृजेश शर्मा को अजमेर में रीजनल का कोआर्डिनेटर बनाया गया है।











