इंडिया टीवी के मैनेजिंग एडीटर विनोद कापड़ी ने इनपुट को कमजोर क्या बताया, इसे मजबूत करने की कवायद हर स्तर पर शुरू कर दी गई है। चैनल के मालिक रजत शर्मा ने भी इनपुट की मजबूती के लिए यहां से विदा ले चुके पुराने साथियों की घर वापसी के लिए प्रयास करने को हरी झंडी दे दी है। रजत शर्मा ने यह काम अपने दो खास लोगों को सौंपा है। इसमें से एक एसाइनमेंट देखते हैं और दूसरे एंकर हैं। ये दोनों दूत इंडिया टीवी के पुराने लोगों से संपर्क साध कर लौट आने के लिए मनुहार करने में जुटे हैं। जिनसे संपर्क साधा गया है उनमें से एक स्टार न्यूज में हैं, दूसरे हेडलाइन टुडे में और तीसरे लाइव इंडिया में हैं। ये लोग तत्कालीन इनपुट हेड हेमंत शर्मा के रवैये से नाराज होकर चले गए थे। तब इन लोगों से खबरों के बजाय सांप-बिच्छू और भूत-प्रेत पर स्टोरी मांगी जाने लगी थी।
अब जबकि हेमंत शर्मा को ठिकाने (सूत्रों के मुताबिक वे रजत शर्मा के मीडिया इंस्टीट्यूट के प्रोजेक्ट को हैंडल कर रहे हैं) लगाया जा चुका है और इनपुट पर उन लोगों की जरूरत महसूस की जा रही है जो खबरों पर काम कर सकें तो पुरानी टीम के जांबाज याद आने लगे। सूत्रों के कहना है विभिन्न चैनलों में काम कर रहे इंडिया टीवी के इनपुट के पुराने लोग वापसी के लिए सशर्त तैयार हैं। ये लोग सेलरी अच्छी चाहते हैं और काम में किसी तरह का दबाव नहीं चाहते। उम्मीद है कि कुछ दिनों में इंडिया टीवी की इनपुट टीम में पुराने चेहरे नजर आएंगे।











