रायपुर से हाल में ही लांच हुए रीजनल न्यूज चैनल जी 24 घंटे छत्तीसगढ़ के नए कंटेंट हेड के रूप में रवि पराशर ने काम संभाल लिया है। वे जी न्यूज, दिल्ली से डेपुटेशन पर रायपुर भेजे गए हैं। इसके पहले वहां रवि मित्तल काम देख रहे थे। वे जी न्यूज, दिल्ली लौट आए हैं। रवि मित्तल के नेतृत्व में ही जी ग्रुप के इस रीजनल चैनल की लांचिंग हुई। नए कंटेंट हेड रवि पराशर जी न्यूज के साथ लंबे समय से जुड़े हुए हैं। वे दिल्ली में डिप्टी एक्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत थे। अपने 20 वर्षों के पत्रकारीय करियर में रवि ने टीवी के अलावा प्रिंट माध्यम में भी लंबे समय तक काम किया है। धर्मयुग, नवभारत टाइम्स, अमर उजाला कारोबार के बाद वे टीवीआई के जरिए टीवी माध्यम से जुड़े। उसके बाद जी न्यूज के संग वे जुड़े तो इसी के होकर रह गए।
हालांकि बीच में वो छह महीनों के लिए आज तक गए जरूर पर फिर जी न्यूज वापस लौट आए। उल्लेखनीय है कि जी 24 घंटे छत्तीसगढ़ जी ग्रुप का फ्रेंचाइजी चैनल है। फ्रेंचाइजी चैनल के कंटेंट के कामकाज को व्यवस्थित करने, स्तरीय रखने और जी समूह के मानदंडों के अनुरूप संचालित करने के लिए जी ग्रुप कंटेंट के अपने वरिष्ठ लोगों को डेपुटेशन पर भेजता है। इसी क्रम में रवि पराशर को भेजा गया है। इस रीजनल चैनल की लांचिंग हाल में ही हुई है। इस चैनल के मुख्य कार्याधिकारी (सीईओ) केके नायक हैं।











