न्यूजीलैंड में भारतीय मूल के गवर्नर जनरल सर आनंद सत्यानंद के खिलाफ नस्लीय टिप्पणी करने वाले एंकर को पन्द्रह दिन के लिए निलंबित कर दिया गया. टीवीएनजेड के एंकर पॉल हेनरी ने न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री जॉन की के साथ एक लाइव टेलीकास्ट में आनंद के खिलाफ नस्लीय टिप्पणी की थी.
सोमवार को न्यूजीलैंड के टीवीएनजेड के कार्यक्रम ‘ब्रेकफास्ट’ का लाइव टेलीकास्ट हो रहा था. इस कार्यक्रम के अतिथि न्यूजीलैंड के पीएम जॉन की थे. कार्यक्रम में एंकर पॉल हेनरी ने पीएम से सवाल किया कि सर आनंद न्यूजीलैंड के थे अथवा नहीं. इस पर जॉन की ने जवाब दिया था कि वह न्यूजीलैंड के निवासी थे, तब हेनरी ने कहा कि वह अगली बार किसी ऐसे व्यक्ति का चुनाव करें, जो न्यूजीलैंड के निवासी जैसा ज्यादा दिखे.
इसके बाद टीवीएनजेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिक एलिस ने समाचार पत्र ‘न्यूजीलैंड हेराल्ड’ में एक वक्तव्य जारी कर कहा कि हेनरी की यह टिप्पणी ठीक नहीं थी. हेनरी की टिप्पणियां स्वीकार नहीं की जा सकतीं. इसके पहले एंकर हेनरी ने सोमवार को अपनी टिप्पणी पर आनंद सत्यानंद से माफी मांगी थी. हेनरी ने कहा था कि अगर कि अगर सर आनंद सत्यानंद को उनकी टिप्पणी से दुख पहुंचा है तो वह उसके लिए माफी चाहते हैं.
कार्यक्रम के बाद संस्थान ने हेनरी को त्वरित रूप बिना तनख्वाह दिए 18 अक्टूबर तक के लिए निलंबित करने का फरमान सुना दिया. उल्लेखनीय है कि सर आनंद सत्यानंद दिल्ली में रविवार से शुरू हुए 19वें राष्ट्रमंडल खेल के शुभारंभ समारोह में अतिथि थे. टीवीएनजेड के सीईओ रिक एलिस ने कहा कि जब सर आनंद राष्ट्रमंडल खेलों से लौटेंगे तो वह खुद उनसे मिलकर व्यक्तिगत तौर पर माफी मांगेंगे.











