एक न्यूज चैनल में काम करने वाला एक पत्रकार आजकल बेहद परेशान है। हर पल उन्हें अपनी जान की फिक्र लगी रहती है। आफिस जाते और आफिस से निकलते वक्त वे डरे सहमे से रहते हैं। हर पल आशंकित रहते हैं कि कहीं कोई उनका पीछा तो नहीं कर रहा, कोई उन्हें फालो तो नहीं कर रहा। यह डर, भय और आतंक किसी और का नहीं बल्कि खुद की पत्नी की तरफ से है। उनकी पत्नी भी एक न्यूज चैनल में पत्रकार हैं। पांच साल तक लंबे प्रेम के बाद इन दोनों ने शादी कुछ महीनों पहले की। शादी के बाद ही प्रेम का पाखंड खंड खंड होने लगा।
पत्रकार महोदय से अब उनकी पत्नी दूर रहती हैं। विवाद इतना बढ़ चुका है कि पत्नी और उनके घरवालों की तरफ से इन पर दहेज समेत कई तरह के केस लाद दिए गए हैं। पुलिस कभी भी इन्हें अरेस्ट कर सकती है।
हालांकि इन्होंने भी पुलिस के सामने और कोर्ट में अपना पक्ष लिखित रूप से, दमदारी से रखा है लेकिन इन्हें खुद भरोसा नहीं कि उनकी बात गंभीरता से सुनी जाएगी। वजह, पत्नी और उनके घरवालों का रसूख बहुत ज्यादा है। पत्नी के पक्ष के लोग न्यायपालिका में हैं, इसलिए कोर्ट की सक्रियता इस मामले में बढ़ चुकी है। उनका कहना है कि महिला होने के नाते उनकी पत्नी का पक्ष ज्यादा गंभीरता से सुना जा रहा है। पुलिस से लेकर कोर्ट तक सक्रिय है। भड़ास4मीडिया को अपना दर्द सुनाते हुए वे कहते हैं, मैं सच बोलूंगा तो भी हार जाऊंगा, वो झूठ बोलेगा और लाजवाब कर देगा।
इन पत्रकार महोदय का कहना है कि उनकी पत्नी अब किसी दूसरे के साथ प्रेम में पड़ चुकी हैं। इस बारे में उन्हें खबरें मिलती रहती हैं। जिस चैनल में वो काम करती हैं, वहीं के एक दूसरे पत्रकार के साथ उनका आना-जाना बढ़ चुका है, अंतरंगता काफी बढ़ गई है। कई तरह के मुकदमों में घिर चुका यह पीड़ित टीवी पत्रकार बुरी तरह परेशान है। वे बताते हैं कि उनका चैन पूरी तरह से छिन गया है। जाने किस घड़ी में उन्होंने प्रेम को शादी में तब्दील करने का फैसला लिया।
अब उन्हें लगता है कि अगर वे शादी नहीं करते तो ज्यादा सुखी रहते। उनके मुताबिक, जिस तरह लोग प्रेम का नाटक करने के बाद लड़कियों से मुंह फेर लेते हैं, उसी राह पर मैं भी चला होता तो ज्यादा सुखी रहता लेकिन मैं भावना में बह गया। विवाद के वजह के बारे में पूछे जाने पर इस टीवी पत्रकार का कहना है कि शादी के कुछ महीनों के बाद जब पत्नी की मां आईं, तभी से बात-बात पर विवाद होने गया। सास ने अपनी बेटी को जाने क्या कुछ सिखाया कि वो तभी से मुंह फेरने लगी और अब तरह-तरह के हथकंडों से परेशान कर रही हैं। उन्होंने जान की खतरे की आशंका जताई है। उनका कहना है कि वे समझ नहीं पा रहे हैं कि अपनी समस्या वे किससे कहें?











