:
जेपी – जैसा मैंने देखा किताब का लोकार्पण : पिछले दिनों लोकनायक जयप्रकाश नारायण के जन्मदिन के अवसर पर पटना स्थित एएन सिन्हा सामाजिक शोध संस्थान के सभागार में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर जनसत्ता के पत्रकार अमलेश राजू द्वारा लिखित पुस्तक “जेपी, जैसा मैंने देखा” का लोकार्पण किया गया.
मुख्य अतिथि के रुप में डा रजी अहमद के संबोधन से पहले संस्थान के निदेशक डा डीएम दिवाकर ने अपने संबोधन में कहा कि जेपी के चेलों ने जेपी के आदर्शों की धज्जियां उड़ा दी हैं. इससे ऐसा प्रतीत होता है कि जेपी के सिद्धांतों में कुछ कमी थी. हांलाकि डा. रजी अहमद ने इसका जवाब देते हुए कहा कि चेलों की कारिस्तानियों के लिये गुरु को कोसा जाना उचित नहीं है. इसके बाद जब बोलने की बारी प्रो नवल किशोर चौधरी की आई तब उन्होंने जमकर आर्थिक लोकतंत्र का सवाल उठाया और लगे हाथ लालू के 15 सालों को तानाशाह सरकार के शासन की संज्ञा दी. हांलाकि प्रो चौधरी ने नीतीश राज को भी गलत करार दिया, लेकिन नीतीश को तानाशाह नहीं कहा.











