उत्तर प्रदेश में जंगलराज बढ़ता जा रहा है. माया सरकार के अफसर चुप्पी साधे हुए हैं. बदमाशों के हौसले बुलंद हैं. ताजी जानकारी के मुताबिक कानपुर में बदमाशों ने एक पत्रकार के पिता को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. गोली उनके पेट में लगी है. उनको हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उनकी हलात गंभीर बनी हुई है.
हरवंश मोहाल थाना क्षेत्र के लोकमन महाल से नशे में धुत बुलेट सवार दो बदमाश गुजर रहे थे. अचानक गली में उनके सामने एक गाय आ गई. बदमाशों ने गाय पर दो-तीन फायर झोंक दिए. अपने मकान के पास खड़े पत्रकार विपिन के पिता ने दोनों को गोली चलाने से मना किया. बदमाशों को उनकी बात इतनी नागवार लगी कि उन्होंने विश्वनाथ (45 वर्ष) पर गोली चला दी. गोली उनके पेट में लगी. गोली लगने के बाद वे चीख मारकर वहीं गिर गए. गोलियों की आवाज सुनकर परिजन और पड़ोसी वहां पहुंच गए. घायल विश्वनाथ को उन लोगों ने लहूलुहान हालत में तत्काल हैलट अस्पताल पहुंचाया. डाक्टरों ने ऑपरेशन के बाद गोली निकाल दी. ऑपरेशन के बाद भी उनकी हालत खतरे से बाहर नहीं हुई है. अभी उन्हें आईसीयू में रखा गया है.











