दैनिक हिंदुस्तान, आगरा इसी महीने के अंत से आसपास के जिलों के लिए अपना संस्करण शुरू करने जा रहा है। लांचिंग से पहले टीम गठन की कवायद में हिंदुस्तान दूसरे अखबारों के लोगों को तोड़कर अपने पाले में कर रहा है। आगरा से छपने वाले अखबार अकिंचन भारत के फीरोजाबाद आफिस के ब्यूरो चीफ शैलेंद्र वर्मा ने समस्त स्टाफ के साथ दैनिक हिंदुस्तान का दामन थाम लिया है। इसी तरह डीएलए, आगरा में सब एडीटर रहे शरद चौहान के भी हिंदुस्तान, आगरा के साथ नई पारी शुरू की है। शरद को हिंदुस्तान, मैनपुरी का ब्यूरो चीफ बनाया गया है। अमर उजाला, एटा के ब्यूरो चीफ रवि भारद्वाज ने इस्तीफा देने के बाद दैनिक हिंदुस्तान, एटा के ब्यूरो चीफ के रूप में नई पारी शुरू की है।
नवीनत आज समाज में, गुड़गांव एडीशन लांच फिर टला
अनूप झा के आज समाज, गुड़गांव के ब्यूरो चीफ पद से इस्तीफा देने के बाद इस कुर्सी पर आसीन हुए हैं नवनीत वैद्य। वे इससे पहले करनाल में हरिभूमि के लिए चार वर्षों से काम कर रहे थे। करनाल में ही दैनिक भास्कर के लिए भी बैटिंग कर चुके हैं।
इस बीच, खबर है कि आज समाज, गुड़गांव संस्करण की लांचिंग जो आज (22 नवंबर) प्रस्तावित थी, उसे टाल दिया गया है। इसके पीछे वजह तैयारी न होना बताया जा रहा है। पहले भी यह लांचिंग तीन बार टल चुकी है। आज समाज अखबार ने दिल्ली में लांचिंग के एक साल भी पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर अखबार प्रबंधन की तरफ से एक मीटिंग की गई जिसमें पूरे साल के कामकाज की समीक्षा और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की गई। अखबार से जुड़े सभी कर्मियों को एक पार्टी भी प्रबंधन ने दी।
देर से मिली सूचना के अनुसार, दैनिक हिंदुस्तान, दिल्ली में काफी लंबे समय तक बैटिंग कर चुके पत्रकार केबी पंडित ने आज समाज, दिल्ली में कोआर्डिनेटर के पद पर ज्वाइन किया है।











