हिन्दुस्थान समाचार बहुभाषी न्यूज एजेंसी के राष्ट्रीय सचिव अनिरूद्ध शर्मा ने बुधवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री डा. रमेश पोखरियाल निशंक से मुलाकात कर उन्हें संस्थान द्वारा प्रकाशित विशेषांक ‘‘राष्ट्रीय सुरक्षा-चुनौतियां एवं तैयारियां’’ की एक प्रति भेंट की।
श्री शर्मा ने मुख्यमंत्री से भेंट के दौरान हिन्दुस्थान समाचार द्वारा उत्तराखंड की मीडिया में योगदान का बयान किया। उन्होंने कहा कि हिन्दुस्थान समाचार का जन्म 1948 में क्षेत्रीय भाषाओं के अखबारों की सेवा के लिए हुआ था। एजेंसी ऐसे छोटे अखबारों को सेवा प्रदान करती है जिनके पास बड़े अखबारों की तरह संसाधन और तंत्र नहीं है। मुख्यमंत्री डा. निशंक ने कहा कि हिन्दुस्थान समाचार एजेंसी ने जिस तरह से राज्य सरकार की जनहित की योजनाओं का प्रचार प्रसार किया है उससे आम जनता को लाभ पहुंचा है। उन्होंने एजेंसी के कार्यों की सराहना की। इस दौरान एजेंसी के उत्तराखंड प्रमुख धीरेन्द्र प्रताप सिंह और वरिष्ठ हिन्दी सेवी चंद्रशेखर उपाध्याय प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।











