ईटीवी, हैदराबाद टीवी जर्नलिस्ट पैदा करने का सेंटर लंबे समय से बना हुआ है। नए लोग यहां जाते हैं, कम दाम में ज्वाइन कर लेते हैं, जमकर काम सीखते हैं और मौका मिलते ही निकल लेते हैं। हाल फिलहाल लांच हुए दो न्यूज चैनलों वीओआई और जी 24 घंटे छत्तीसगढ़ ने ईटीवी, हैदराबाद से बड़ी संख्या में पत्रकारों को अपने पाले में किया। इसके लिए इन चैनलों ने हैदराबाद में स्पेशल इंटरव्यू किए। ताजा मामला जी न्यूज के उत्तर प्रदेश के लिए आने वाले न्यूज चैनल का है। इस नए रीजनल चैनल के लिए ‘सस्ते और टिकाऊ’ पत्रकारों की खोज शुरू हुई तो तुरंत ईटीवी, हैदराबाद की ओर ध्यान गया। फिर क्या था, जी की तरफ से हैदराबाद में 13 से 15 नबंबर तक जमकर इंटरव्यू हुए। ईटीवी वालों का यहां मेला लगा हुआ था। ईटीवी के चारों हिंदी चैनल के लगभग 90 फीसदी पत्रकार इंटरव्यू देने पहुंचे।
अपने 250 से 300 कर्मचारियों को इंटरव्यू में जाने की सूचना मिलते ही ईटीवी प्रशासन बौखला गया। ईटीवी प्रबंधन ने 13 से 15 नवंबर के बीच जितने लोग भी आफिस नहीं आए, उन सभी से पूछताछ शुरू की। इन ईटीवियनों से पूछा गया कि 13 से 15 नवंबर के दौरान वो कहां पर थे। जिनका वीकली आफ था, उनसे भी उनकी दिनचर्या के बारे पूछताछ की गई। प्रबंधन ने फरमान जारी कर दिया कि जो कहीं इंटरव्यू देते रंगे हाथ पाया गया, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ज्ञात हो कि इसके पहले भी जब वीओआई ओर जी 24 घंटे छत्तीसगढ़ न्यूज चैनलों ने लांच होने के पहले हैदराबाद मे इंटरव्यू किया था तो ईटीवी प्रशासन ने इंटरव्यू देने गए सभी लोगों को काम करने से मना कर दिया था। पत्रकारों को 15 दिनों तक या तो काम नहीं करने दिया गया था या छुट्टी देकर जबरन घर भेज दिया गया था। इन्हीं सब हालात के चलते एक ही रात में 52 लोगों ने चैनल को बाय-बाय बोल वीओआई ज्वाइन कर लिया था। इसके एक महीने बाद फिर 37 लोगों ने संस्थान को छोड़कर जी 24 घंटे छत्तीसगढ ज्वाइन कर लिया।
लगता है ईटीवी को एक बार फिर तगड़ा झटका लगने वाला है और यह झटका देगा जी न्यूज नया लांच होने वाला यूपी चैनल। खबर है कि जी यूपी के लिए जो इंटरव्यू हुए थे, उसमें करीब 40 से 50 लोगों का सेलेक्शन हो गया है। ये लोग किसी भी वक्त चैनल को बाय-बाय बोल सकते हैं। पर हमेशा की तरह इस बार भी ईटीवी पर कोई असर नहीं पड़ने वाला क्योंकि जितने लोग छोड़कर जाएंगे, उससे दोगुने लोग बेहद कम दाम पर ईटीवी ज्वाइन करने के लिए तैयार बैठे हैं। यूं ही चलता रहेगा क्रम।











