रोहतक जिला के महम कस्बा में आज सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में रोहतक के जिला लोक संपर्क अधिकारी राजेंद्र पांचाल भी शामिल हैं। श्री पांचाल सुबह करीब नौ बजे अपनी जीप से रोहतक कार्यालय आ रहे थे। उनके साथ तीन अन्य लोग भी जीप में सवार थे।
महम से थोड़ा निकलते ही उनकी जीप सामने से आ रहे ट्राला से टकरा गई। यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वालों में डीपीआरओ राजेंद्र पांचाल के अलावा महम निवासी धर्मपाल, रत्न प्रकाश और प्रमोद शामिल हैं। चारों शवों का रोहतक के पीजीआई में पोस्टमार्टम किया गया। महम पुलिस थाना ने ट्राला चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।











