हिमाचल प्रदेश के हिन्दी दैनिक ‘दिव्य हिमाचल’ के कर्ताधर्ता अब ‘हिमाचल दिस वीक’ नाम से एक इंग्लिश वीकली ला रहे हैं। ‘डिसकवर हिमाचल…एवरी वीक’ की टैगलाइन के साथ प्रकाशित होने जा रहे ‘हिमाचल दिस वीक’ के लिए बुकिंग और प्रचार अभियान की शुरुआत की जा चुकी है। मैग्जीन के मार्केट में जल्द आने के आसार हैं। हिंदी अखबार की तरफ से इंगलिश वीकली शुरू किए जाने को हिमाचल में उत्सुकता से देखा जा रहा है।
महेंद्र और परिवर्तन ने हिंदुस्तान छोड़ा, राघवेंद्र नई दुनिया में
खबर है कि दैनिक हिंदुस्तान, दिल्ली के डिजाइनर महेंद्र सिंह और फोटोग्राफर परिवर्तन शर्मा ने इस्तीफा दे दिया है। महेंद्र कहां गए हैं, यह पता नहीं चल पाया है लेकिन परिवर्तन के बारे में सूचना है कि उन्होंने खलीज टाइम्स के दिल्ली ब्यूरो में ज्वाइन किया है।
सूत्रों से मिली एक अन्य खबर के मुताबिक दैनिक हिंदुस्तान, दिल्ली में डिप्टी रेजीडेंट एडीटर के रूप में कार्यरत संजय अभिज्ञान को न्यूज सेक्शन से हटाकर फीचर पेज ‘तैयारी’ का प्रभार सौंपा गया है। समन्वय संपादक दिवाकर को न्यूज रूम का इंचार्ज बनाया गया है।
अमर उजाला, चंडीगढ़ के ब्यूरो चीफ राघवेंद्र नारायण मिश्र के बारे में खबर है कि उन्होंने नई दुनिया, लखनऊ के साथ नई पारी शुरू की है। अमर उजाला के साथ लंबे समय से कार्यरत राघवेंद्र इससे पहले शिमला में तैनात थे।











