दिल्ली से प्रकाशित राष्ट्रीय समाचार पाक्षिक ‘लोकायत’ का लख्ानऊ के हजरतगंज में उत्तर क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन मुंबई के एमएम ग्रुप के प्रबंध निदेशक मोहम्मद मसरूर ने किया। उद्घाटन के बाद लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वह चाहे प्रिंट मीडिया हो या इलेक्ट्रानिक मीडिया, उसे निर्बल लोगों का सहारा बनना चाहिए। न्याय के लिए संघर्ष पूर्ण लड़ाई में उसे जनता का पूरा साथ देना चाहिए। निष्पक्ष पत्रकारिता की राह बहुत चुनौतीपूर्ण है। सच्चे पत्रकारों को उसे स्वीकारना ही होगा। भाषा और व्याकरण के प्रति युवाओं को जागरूक और प्रशिक्षित करें ताकि नई पीढ़ी खबरों को प्रमाणिकता और विश्वसनीयता से प्रस्तुत कर सके।
इस अवसर पर पैक्सफेड के चेयरमैन राकेश कुमार मौर्या ने कहा कि पत्रकारिता व लोकतंत्र का गहरा ताल्लुक है। भ्रष्टाचार के खिलाफ तल्ख टिप्पणियां करने की आवश्यकता है। बाबा साहब के मार्गदर्शन के अनुसार हमें गरीब और निर्बल वर्ग की तकलीफ को समझकर उसे अपनी वाणी देनी चाहिए। ‘लोकायत’ जैसी पत्रिकाएं इस काम को सही तरीके से अंजाम दे रही हैं। यहां पर वरिष्ठ पत्रकार रामप्रकाश अवस्थी का कहना था कि देश की स्थिति से भद्रजन चिंतित हैं।
वरिष्ठ पत्रकार हसीब सिद्दीकी ने कहा कि ‘लोकायत’ जैसी पत्रिकाओं को ‘मेन स्ट्रीम’ की तरह अपने पाठक वर्ग का निर्माण करना चाहिए और उनकी अपेक्षाओं पर खरे उतरने का प्रयास करना चाहिए ताकि पत्रिकाएं पाठकों के अभाव में बंद होने से बचें। इस अवसर पर लोकायत की प्रबंध निदेशक डा. भाग्य राजेश्वरी, सम्पादक बलराम तथा लखनऊ प्रतिनिधि सुश्री तमन्ना फरीदी ने भी अपनी बातें रखी। यहां पर दर्जनों की संख्या में पत्रकारगण व गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।











