दैनिक जागरण का वार्षिक अधिवेशन ‘साध्य 08’ इसी महीने 13, 14 और 15 दिसंबर को आगरा में होगा। इसको लेकर संस्थान के कई संपादक परेशान है। कारण, इसका ‘ड्रेस कोड’ है। तीन दिनों के लिए अलग-अलग ‘ड्रेस कोड’ की सूची उन्हें बजाप्ता आमंत्रण के मेल के साथ भेजी गई है। इसके तहत उन्हें पहले दिन काले सूट में रहना है। दूसरे दिन ब्लू जिंस और तीसरे दिन काले जिंस में। इसमें पहले दिन उन्हें टाई उपलब्ध कराई जाएगी तो दूसरे और तीसरे दिन संस्थान द्वारा टी-शर्ट दिया जाएगा। इस ड्रेस कोड ने कई संपादकों को परेशानी में डाल दिया है। कई लोग तो जींस का इंतजाम करने में जुट गए हैं। मजेदार बात यह कि कई लोग ऐसे भी हैं जिन्हें जींस पहनना नहीं भाता मगर फरमान के आगे वो मजबूर हैं। संपादक महोदयों में सबसे अधिक चिंता पहले दिन पहने जाने वाले सूट को लेकर बनी हुई है।
कुछ संपादकों ने नाम न छापने की शर्त पर भड़ास4मीडिया प्रतिनिधि से रोना राया कि न चाहते हुए भी उन्हें ड्रेस कोड के कपड़ों की खरीदारी करनी पड़ रही है। इसमें 10 हजार रुपये के आसपास खर्च हो रहे हैं। महीने के बीच में इतनी रकम की व्यवस्था कर पाना भी मुसीबत बना हुआ है।











