: कमलेश थपलियाल, सुजानमल और बंशीधर महापात्र का निधन : पिछले कुछ दिनों में तीन पत्रकारों का निधन हुआ. इनके नाम हैं सुजानमल, कमलेश थपलियाल और बंशीधर महापात्रा. कमलेश थपलियाल हिंदुस्तान और नेशनल हेराल्ड में लंबे समय तक खेल पत्रकार के रूप में कार्यरत रहे. वे लीवर की बीमारी से पीड़ित थे. उनका इलाज मेट्रो हास्पिटल में चल रहा था. उनकी उम्र 74 वर्ष थी. कमलेश के पुत्र राकेश थपलियाल खेल पत्रकार हैं. कमलेश जी का अंतिम संस्कार दिल्ली के निगम बोध घाट पर कल किया गया.
84 वर्षीय सुजनामल का निधन मंदसौर जिले में हुआ. वरिष्ठ पत्रकार सुजानमल करीब पांच दशक से पत्रकारिता में थे. उन्होंने नई दुनिया, इंदौर और समाचार भारती के लिए काम किया. सुजानमल अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं. उनके तीन बेटे और चार बेटियां हैं.
राउरकेला के बंशीधर महापात्रा का शनिवार को निधन हो गया. वे 80 साल के थे. अचेत हो जाने के कारण बंशीधर को राउरकेला के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया पर उन्हें बचाया नहीं जा सका.
आगरा से सूचना मिली है कि डीएलए के महाप्रबंधक महेंद्र कुमार जैन के पिता पदम चंद जैन का रविवार की रात्रि निधन हो गया. कल सुबह उन्हें कैलाश घाट पर अश्रुपूर्ण नेत्रों से अंतिम विदाई दी गई. इस मौके पर शहर के तमाम गणमान्य लोग मौजूद थे. 87 वर्षीय पदम चंद जैन पुत्र मंशाराम जैन डाक विभाग में पोस्टमास्टर के पद से रिटायर होने के बाद जैन मंदिर की सेवा में लग गए थे. उन्होंने अपने पीछे पांच पुत्र महेश चंद जैन, महावीर प्रसाद जैन, सतीश चंद जैन एडवोकेट, महेंद्र कुमार जैन और दिनेश चंद जैन के अलावा चार पुत्रियों का भरापूरा परिवार छोड़ा है.











