प्रवासी लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए पंजाब के जालंधर शहर से हिंगलिश (हिंदी-इंगलिश मिक्स) मासिक मैग्जीन ”इमीग्रेशन टुडे” का प्रकाशन 17 दिसंबर से शुरू कर दिया गया। इमीग्रेशन पब्लिसर प्राइवेट लिमिटेड और लंदन इमीग्रेशन एडवाइस एंड अपील सर्विस लिमिटेड के डायरेक्टर वकील हरजाप सिंह भंगल इस मैग्जीन को प्रमोट कर रहे हैं। इस पत्रिका के प्रधान संपादक कमल सोनी हैं। 56 पन्नों की इस पत्रिका की कीमत 35 रुपये है। इसका वितरण दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर शुरू हो गया है और जल्द ही इसे कनाडा, इंग्लैंड, यूरोप औऱ दुबई में भी वितरित किया जाएगा। शुरुआती अंक में ब्रिटेन के प्रवासी सिस्टम में आ रहे भारी बदलाव को लीड स्टोरी बनाया गया है। यह पत्रिका नए साल में गुजराती-इंगलिश, मलयालम-इंगलिश, बांग्ला-इंगलिश में भी लांच की जाएगी।
भारत के नर्सों को फायदा पहुंचाने वाले यूएस के नए वीजा नियम, डाक्टरों के चयन के लिए आस्ट्रेलिया द्वारा भारत में परीक्षा केंद्र खोलने, स्वीडन द्वारा कामगारों के लिए प्रवास नियमों में छूट देने जैसी रिपोर्टें भी प्रकाशित की गई हैं। लंदन और वेल्स में सुप्रीम कोर्ट के वकील हरजाप सिंह भंगल का कहना है पत्रिका निकालने के पीछे विदेशों से आने वाले लोगों को कानूनी तरीके से वीजा दिलाने एवं उन्हें फांसने वाले दलालों के चुंगल से सुरक्षित रहने को आगाह करने की सोच है।











