मणिपुर में सनलअईबाक अखबार के संपादक ए मोबी की गिरफ्तारी के विरोध में हड़ताल पर गए पत्रकार वापस लौटे आए हैं. उन्होंने काम शुरू कर दिया है. अखबारों का प्रकाशन शुरू हो गया है. मोबी के गिरफ्तारी के विरोध में मणिपुर श्रमजीवी पत्रकार संघ एएसमडब्ल्यूजेयू के आह्वान पर पत्रकार हड़ताल पर गए थे. मोबी पत्रकार संघ के उपाध्यक्ष तथा प्रवक्ता हैं.
मोबी को 28 दिसम्बर को पुलिस ने गिरफ्तार किया था. पुलिस ने उनपर आरोप लगाया था कि मोबी का संबंध प्रतिबंधित कांगलईपाक कम्युनिस्ट पार्टी के तबुंगा गुट से है. उनकी गिरफ्तारी के बाद से राज्य भर के पत्रकार हड़ताल पर चले गए थे. तब से विरोध स्वरूप किसी भी अखबार का प्रकाशन नहीं हो रहा था. पत्रकार मोबी की रिहाई की मांग कर रहे थे.
इस मामले में एक छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल गुरबचन जगत से मिलकर अपना पक्ष रखा तथा मोबी की रिहाई की मांग की. पत्रकार संघ इसके पूर्व प्रधानमंत्री को भी ज्ञापन सौंप चुका है. प्रेस परिषद को भी इसकी जानकारी दे दी गई है. संघ ने आरोप लगाया कि राज्य पुलिस पत्रकारों को इसलिए निशाना बना रही है क्योंकि वे उसके कथित एनकाउंटरों की कलई खोल रहे हैं.











