टीवी न्यूज चैनलों के मालिकों के संगठन एनबीए (न्यूज ब्राडकास्टर्स अथारिटी) की तरफ से मुंबई हमले जैसी स्थिति में समाचार प्रसारण के लिए गाइडलाइन तय किए हुए कुछ ही दिन बीते थे कि अब केंद्र सरकार ने ”स्टैंडिंग मीडिया कंसल्टेटिव कमेटी” के गठन की घोषणा कर दी है। इस कमेटी की अध्यक्षता सूचना और प्रसारण सचिव करेंगे जबकि सदस्य के रूप में प्रमुख मंत्रियों, एनबीए और एडिटर्स गिल्ड के प्रतिनिधि शामिल होंगे। यह घोषणा सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री आनंद शर्मा ने की। हालांकि केंद्र सरकार ने एनबीए की ओर से संकट के मौकों पर अपने लिए गाइडलाइन बनाने का स्वागत किया है। आनंद शर्मा ने इस गाइडलाइन को सही दिशा में उठाया गया कदम बताया। शर्मा ने देश में समाचार प्रसारण के परिपक्व व्यवस्था की जरूरत पर बल दिया।
उन्होंने मुंबई आतंकी हमलों को सरकार और मीडिया दोनों के लिए सबक सीखने का एक मौका बताया। आनंद शर्मा ने बताया कि प्रमुख केंद्रीय मंत्रियों के सचिवों और मीडिया के प्रतिनिधियों के बीच पिछले दिनों हुई उच्च स्तरीय मीटिंग में इस आधुनिक दौर की पत्रकारिता के लिए नैतिक मूल्य तय करने पर सहमति बनी। शर्मा ने जानकारी दी कि न्यूज चैनलों के प्रतिनिधियों ने सुरक्षा व प्रशासनिक एजेंसियों की चिंताओं को जायज बताया और इसे दुरुस्त करने को राजी हुए। आनंद शर्मा का कहना है कि असामान्य परिस्थितियों में ज्यादा सतर्क कवरेज की जरूरत होती है ताकि इसके चलते बचाव या प्रतिरोध की कार्रवाई में कोई रुकावट न आए। इसीलिए संकट के समय मीडिया कवरेज के लिए सरकार एक ट्रेनिंग कोर्स शुरू कर रही है जिससे मीडियाकर्मी सीख सकें कि बिना नुकसान पहुंचाएं किस तरह कवरेज किया जाए। मीडिया से जुड़े दिग्गजों ने ट्रेनिंग प्रोग्राम का स्वागत किया और इससे पत्रकारों के ज्यादा दक्ष होने की उम्मीद जताई है।











