दिल्ली में अपराध का पारा लगातार बढ़ रहा है. न्यू उस्मानपुर में आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों कुछ मिनटों के अंतराल में पुश्ता रोड पर दो लोगों के साथ लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दिया. दोनों बार बदमाशों के निशाना बने अखबार के हॉकर. लुटेरों ने उनके पास से नकदी और मोबाइल फोन लूट लिए. उन्होंने एक विरोध करने पर एक हॉकर के ऊपर चाकू से जानलेवा हमला भी किया. पुलिस में मामला दर्ज करा दिया गया है.
जानकारी के अनुसार संतोष कुमार गुप्ता अपने परिवार के साथ न्यू उस्मानपुर इलाके में रहते हैं. वह अखबार बांटने का काम करते हैं. वे कल सुबह लगभग सवा पांच बजे अपने घर से गांधीनगर सेंटर जाने के लिए साइकिल पर निकले थे. पुश्ता रोड पर उन्हें दो मोटरसाइकलों पर सवार छह हथियारबंद बदमाशों ने घेर लिया. बदमाशों ने उन्हें चाकू दिखाकर 4500 रुपये की नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया.
कुछ देर बाद ही बदमाशों ने एक अन्य हॉकर नरेश के साथ भी लूटपाट शुरू कर दी. नरेश ने जब लूटपाट का विरोध किया तो बदमाशों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया. घायल नरेश के पास से बदमाश 8000 रूपये और उसका मोबाइल फोन लूट ले गए. पुश्ता रोड से गुजर रहे नरेश के अन्य साथियों ने उन्हें खून से लथपथ देखा तो वे वहीं पर रुक गए और नरेश को सीधे न्यू उस्मानपुर थाने ले गए. पुलिस ने नरेश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया. लूट के शिकार दोनों हॉकरों ने पुलिस को जानकारी दी कि बदमाशों ने अपना चेहरा कपड़े से ढक रखा था. पुलिस ने उनके बयान पर केस दर्ज कर लिया है. मामले की जांच कर रही है.











