रायपुर जिले के छुरा ब्लाक में नई दुनिया के पत्रकार उमेश राजपूत की हत्या के मामले में एक महिला को हिरासत में लिया गया है. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है. इधर हत्या के विरोध में छुरा ब्लाक बंद रहा. मुख्यमंत्री रमन सिंह ने पत्रकार की हत्या पर शोक जताया है. उन्होंने मामले की जांच के आदेश राज्य के डीजीपी को दे दिए हैं.
खबर प्रकाशित करने पर मिली धमकी के मद्देनजर पुलिस ने एक महिला सविता को हिरासत में लिया है. शक के आधार पर उससे पूछताछ की जा रही है. बताया जाता है कि सविता ने भी उमेश को धमकी दी थी. पिछले कुछ दिनों में दो पत्रकारों सुशील पाठक एवं उमेश राजपूत की हत्या के बाद कई संगठनों ने सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया है. इन लोगों ने दोनों पत्रकारों के हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है. रायपुर प्रेस क्लब में एक शोक सभा आयोजित कर उमेश को श्रद्धांजलि दी गई.











