छत्तीसगढ़ में दो पत्रकारों की हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोशित पत्रकार ने रायपुर में धरना दिया. बिलासपुर के भास्कर के पत्रकार सुशील पाठक एवं छुरा के नई दुनिया के पत्रकार उमेश राजपूत की हत्या अपराधियों ने गोली मारकर कर दी थी. इन दोनों मामलों में पुलिस असली हत्यारों तथा हत्या की तह तक नहीं पहुंच सकी है. इससे राज्य के पत्रकार पूरी तरह नाराज हैं.
राजधानी के शहीद चौक पर पत्रकारों ने छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट एसोसिएशन के बैनर तले स्थानीय शहीद चौक में पत्रकारों ने धरना दिया. पत्रकारों ने मांग की कि असली हत्यारों को गिरफ्तार किया जाए. गौरतलब है कि पुलिस ने दोनों मामलों में एक-एक लोगों को गिरफ्तार किया है लेकिन उनके पास से हत्या में प्रयुक्त असलहे बरामद नहीं कर सकी है. सुशील का मोबाइल भी पुलिस नहीं खोज सकी है. दोनों मामलों में हत्या के कारणों का भी खुलासा नहीं हो पाया है. केवल शक के आधार पर ही कार्रवाई की जा रही है.
इसी से नाराज पत्रकारों ने राज्य के राज्यपाल के नाम संबोधित पत्र जिला प्रशासन को सौंपा. डीएम की अनुपस्थिति में पत्रकारों का ज्ञापन अपर जिलाधिकारी को दिया गया. ज्ञापन में हत्या का खुलासा तथा हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए राज्यपाल को प्रशासन को सख्त निर्देश देने का आग्रह किया गया है.











