प्रिंट मीडिया में कई लोग इधर से उधर हुए हैं। कोलकाता, इलाहाबाद, रांची और भोपाल से जो सूचनाएं हैं, उन्हें एक साथ यहां दिया जा रहा है। शुरुआत इलाहाबाद से….
धर्मेंद्र अमर उजाला से जागरणः अमर उजाला, आगरा में प्रादेशिक (डाक) डेस्क पर कार्य कर रहे धर्मेन्द्र सिंह ने दैनिक जागरण, अलीगढ़ ज्वाइन कर लिया है। धर्मेन्द्र इससे पहले दैनिक जागरण, इलाहाबाद में भी काम कर चुके है। दैनिक जागरण, अलीगढ में वे जनरल डेस्क पर कार्य करेंगे। उन्हें शुभकामनाएं। एक और जानकारी के अनुसार संजोग मिश्र ने डीएलए, आगरा ज्वाइन कर लिया है। संजोग पहले दैनिक जागरण, इलाहाबाद में एजूकेशन रिपोर्टर के बतौर कार्य कर रहे थे।
अमरकांत भी आई-नेक्स्ट, रांची के साथः प्रभात ख़बर में कार्यरत अमरकांत ने भी आई-नेक्स्ट ज्वाइन कर लिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा प्रभात खबर मैनेजमेंट को सौंप दिया। अमरकांत एजुकेशन रिपोर्टर हैं। उल्लेखनीय है कि रांच में जल्द लांच होने वाले आई-नेक्स्ट के दो तिहाई से ज्यादा स्टाफ प्रभात खबर, रांची से लिए गए हैं।
प्रभात खबर की कूपन स्कीमः प्रभात खबर, कोलकाता संस्करण ने एक बार फिर से अपना सर्कुलेशन बढ़ाने के लिए कमर कस ली है. बताते चलें कि पिछले दो-तीन सालों में कोलकाता में प्रभात खबर के सर्कुलेशन में काफी वृद्धि हुई है और अपने नंबर दो की पोजीशन को बरकरार रखते हुए यह अखबार आगे बढ़ता रहा. इस बीच कोलकाता से जागरण का डॉक एडीशन का वितरण शुरू हुआ, तो कुछ समय बाद ही राजस्थान पत्रिका ने भी धावा बोला. हालांकि इससे कोलकाता के पत्रकारों की तो मौज हुई लेकिन प्रभात खबर पर कोई असर नहीं पड़ा. यह दिनोंदिन बढ़ता रहा. इस बार पाठकों के लिए कोलकाता संस्करण ने कूपन स्कीम शुरू की है. वहीं खबर है कि प्रभात खबर के बिहार से निकलनेवाले अन्य दो एडीशन की योजना जल्द ही मूतर्रूप में सामने आयेगी. फिलहाल यह प्रक्रिया प्रारंभिक अवस्था में है.











