इटावा में पांच फरवरी को न्यूज चैनल इंडिया टीवी के कार्यक्रम 'घमासान लाइव' में कांग्रेस, सपा व भाजपा समर्थक आपस में भिड़ गए और सचमुच का घमासान शुरू कर दिया. जब तक कोई कुछ समझ पाता तब तक हाथापाई और धक्का-मुक्की शुरू हो गई. 'घमासान लाइव' कार्यक्रम में कई पार्टी के प्रत्याशियों समेत बड़ी संख्या में उनके समर्थक भी पहुंचे थे. कार्यक्रम शहर के बीचों-बीच स्थित पक्का तालाब पर आयोजित किया गया था, जिसके चलते वहां बड़ी तादात में लोग पहुंचे थे.
जनपद का एकमात्र उद्योग सूत मिल के बंद हो जाने के मुद्दे पर कांग्रेस प्रत्याशी कोमल सिंह कुशवाहा ने समाजवादी पार्टी को दोषी ठहराया. ये बात सपा के कुछ कार्यकर्ताओं को खराब लगी और किसी सपा कार्यकर्ता ने सपा प्रत्याशी रघुराज शाक्य का पम्पलेट कांग्रेस प्रत्याशी के ऊपर फेंक दिया. इस बात पर कांग्रेस समर्थक भड़क गए और सपाइयों पर पम्पलेट फेंके जाने का आरोप लगाने लगे, लेकिन सपाइयों ने कहा कि यह काम भाजपा कार्यकर्ताओं का है. बस फिर क्या था भाजपा प्रत्याशी अशोक दुबे समर्थक, कांग्रेस और सपा समर्थक आपस में भिड़ गए. नौबत यहां तक आ पहुंची कि हाथापाई और धक्का-मुक्की भी होने लगी. एक दूसरे के खिलाफ जिंदाबाद-मुर्दाबाद के नारे लगाए जाने लगे. कार्यक्रम में एक समय तो भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई. किसी तरह मामले को बवाल में बदलने से रोका गया. हालांकि इस दौरान बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी एवं समर्थक कहीं नजर नहीं आए.
इटावा से विकास मिश्र की रिपोर्ट.






