: अनिल भास्कर बनेंगे पश्चिमी यूपी हेड : हिंदुस्तान में सीनियर लेबल पर बदलाव को लेकर बहुत सुगबुगाहट है. कई सीनियरों की जिम्मेदारियां बदली जा रही हैं. हालांकि अभी इसके लिए लेटर जारी नहीं हुए हैं क्योंकि प्रधान संपादक शशि शेखर देश से बाहर हैं. संभावना है कि उनके आने के बाद ही इन बदलावों को लेकर लेटर जारी किए जाएंगे. पिछले दिनों ही कुछ यूनिटों के संपादकों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं. इसलिए कयास लगाया जा रहा है कि लोकसभा चुनाव से पहले टीम मजबूत करने के लिए यह बदलाव किए जाएंगे.
चर्चा के रूप में जो खबरें आ रही हैं उसके अनुसार पटना में स्टेट हेड की जिम्मेदारी निभा रहे केके उपाध्याय को लखनऊ लाया जा रहा है. वे नवीन जोशी की जगह जिम्मेदारी देखेंगे क्योंकि नवीन जोशी नवम्बर में रिटायर होने जा रहे हैं. उन्हें एक्सटेंशन नहीं दिया जा रहा है. दूसरी तरफ पश्चिमी यूपी में तीन यूनिटों की जिम्मेदारी देख रहे डा. तीरविजय सिंह को केके उपाध्याय की जगह पटना भेजे जाने की तैयारी है. डा. तीरविजय लंबे समय से बिहार जाने की कोशिश में जुटे हुए हैं. माना जा रहा है कि उनकी यह इच्छा इस बार पूरी हो जाएगी.
दूसरी तरफ चर्चा यह है कि बनारस के संपादक रहे तथा मेरठ भेजे गए अनिल भास्कर को प्रमोट करके सीनियर आरई बनाया जाने वाला है. वे डा. तीरविजय सिंह की जगह पश्चिमी यूपी के स्टेट हेड बनाए जाएंगे. जबकि सूर्यकांत द्विवेदी मेरठ के संपादक बने रहेंगे. हालांकि पहले सूचना आ रही थी कि उन्हें दिल्ली अटैच किया जा सकता है, पर अब उन्हें अभयदान मिल गया है. संभावना है कि शशि शेखर के विदेश से वापस आने के बाद ही इस प्रक्रिया को अंजाम दिया जाएगा. (कानाफूसी)





