एटा : इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार को बाइक सवार बदमाशों ने अवागढ़ में गोली मार दी। गोली लगने से पत्रकार गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने बदमाशों का काफी दूर तक पीछा किया, लेकिन वे चमका देकर भाग निकले। पुलिस घेरेबंदी कर अपराधियों को खोज रही है। साथ ही घटना की जांच भी शुरू कर दी गई है। घटना सोमवार देर रात लगभग साढ़े नौ बजे की है। पत्रकार का इलाज चल रहा है। वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
एक राष्ट्रीय चैनल के पत्रकार देवेश पाल सिंह, जो एटा के शिकोहाबाद रोड के निवासी हैं। वे अवागढ़ से एटा अपनी मारुति जेन से आ रहे थे। जैसे ही वह अवागढ़ के किला के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए दो अज्ञात बदमाशों ने उनको दो गोली मार दी। एक गोली गाड़ी की हेडलाइट में लगी, जबकि दूसरी देवेश पाल के सीने से छूती हुई निकल गई। देवेश को गोली के छर्रे लगे जिससे वे घायल हो गए। सूचना मिलने पर घटना स्थल पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वह चकमा देकर भाग निकले। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना से पत्रकारों में रोष व्याप्त है।