बैरकपुर। पश्चिम बंगाल में 24 परगाना जिले के सोधपुर क्षेत्र में अज्ञात हमलावर ने बुधवार को एक टीवी पत्रकार की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि अनिर्बन मजूमदार (25 वर्ष) को उस समय गोली मारी गई जब वे अपनी मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे। हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना को लेकर पत्रकारों में रोष है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि छह बजे के आसपास उन लोगों ने गोली चलने की आवाज सुनी। जब वे लोग मौके पर पहुंचे तो अनिर्बन जमीन पर पड़े हुए थे तथा दो युवक बाइक से भाग रहे थे। जिस समय पत्रकार को गाली मारी गई उस समय वहां आसपास कोई मौजूद नहीं था तथा वहां पर अंधेरा छाया हुआ था। पत्रकार के सिर और सीने में गोली मारी गई थी। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीण की सूचना के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने पत्रकार की बाइक, पहचान पत्र, पैन कार्ड अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। निमता निवासी अनिर्बन कुछ समय पहले एक न्यूज चैनल से जुड़े हुए थे। लगभग छह महीने पहले उन्होंने यह नौकरी छोड़ दी थी। इन दिनों वे कोई दूसरी नौकरी कर रहे थे।






