नयी दिल्ली : भारतीय प्रेस परिषद के अध्यक्ष मार्कंडेय काटजू ने पत्रकारों के खिलाफ अपनी टिप्पणी के लिए खेद प्रकट किया है और भारतीय समाचारपत्र सोसाइटी (आईएनएस) ने इसे स्वीकार कर लिया है। काटजू की टिप्पणी पर मीडिया में जबर्दस्त प्रतिक्रिया हुई थी। आईएनएस ने आज अपने बयान में कहा कि आईएनएस के अध्यक्ष को 21 सितंबर को लिखे काटजू के पत्र पर सोसाइटी के कार्यकारी समिति के सदस्यों ने विचार किया, जिसमें उन्होंने (काटजू) खेद प्रकट किया था।
‘‘कार्यकारी समिति के सदस्यों ने विचार विमर्श के बाद काटजू की ओर से खेद प्रकट किये जाने को स्वीकार करने का निर्णय किया।’’ बयान के अनुसार, काटजू ने पिछले वर्ष यह कह कर विवाद खड़ा किया था कि मीडिया में बहुसंख्य लोगों की बुद्धिमता का स्तर खराब है। हालांकि उन्होंने बाद में स्पष्ट किया कि वह केवल पत्रकारों को उनके कर्तव्य की याद दिला रहे थे। (पंजाब केसरी)