कोलकाता। प्रभात वार्ता की टीम ने गत दो वर्षों की चैम्पियन टीम प्रतिदिन को हराकर प्रेस क्लब रिपोर्टर्स 2012-13 कप पर कब्जा कर लिया। कलकत्ता रेफरीज एसोसिएशन ग्राउंड पर शुक्रवार को आयोजित इस फुटबाल प्रतियोगिता में विभिन्न मीडिया समूहों की 16 टीमों ने भाग लिया। प्रभात वार्ता की टीम ने इस प्रतियोगिता में पहली बार भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा से सभी को चकित करते हुए विजेता के रूप में उभरी।
फाइनल में गत दो वर्षों की विजयी टीम प्रतिदिन की ओर से गोल करने के लिए जी-तोड़ कोशिश की गई लेकिन प्रभात वार्ता के गोलरक्षक राजेश यादव रुपी दीवार के भेदने में नाकाम रही। कोलकाता के पत्रकारों के लिए आयोजित इस प्रतियोगिता में शुरू से ही प्रभात वार्ता की टीम ने अपना दबदबा बनाये रखा। प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में चैनल10 को एक गोल से पराजित कर टीम ने अपनी अपका इरादा जाहिर कर दिया था। दूसरे मैच में प्रयाग की टीम को पेनाल्टी शूट आउट में हराने में भी गोलकीपर राजेश यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। जीतेश गुप्त ने सनसनाते हुए गोल दागकर विरोधी टीम के गोलकीपर को हतप्रभ कर दिया।
प्रभात वार्ता टीम के सदस्यों में कंचन राज मिठौलिया, उपकप्तान लोकनाथ तिवारी, अशोक बोस, अमित तिवारी, हृदयनारायण सिंह, गोलरक्षक राजेश यादव, जीतेश गुप्त, अमित मुखर्जी और शुभ मालिक शामिल थे। इस प्रतियोगिता की मुख्य प्रायोजक कोल इंडिया लिमिटेड थी। कोलकाता प्रेस क्लब खेल समिति के संयोजक राकेश दुबे ने विजयी व उपविजेता टीम को बधाई दी तथा खेल के सुचारु तौर पर सम्पन्न करने में सहयोग के लिए सभी को धन्यवाद दिया।





