: कानाफूसी : जी हाँ, खबर चौंकाने वाली है. हिंदुस्तान अखबार में इस समय कुछ कर्मचारियों ने अपनी कंपनी की ही नैया डुबोने का पूरा बंदोबस्त कर दिया है. खबर है कि विज्ञापन विभाग के कुछ कर्मचारी एजेंसी मालिकों के साथ मिलीभगत करके बड़े विज्ञापनों में अधिक छूट का लाभ दिला कर मोटा कमीशन अन्दर कर रहे हैं. एक एक कर्मचारी की औसत मासिक आमदनी लाखों के करीब है. इसमें इनके स्थानीय उच्च अधिकारियों का पूरा सपोर्ट है.
और तो और, विज्ञापन से आने वाले मोटे कमीशन में भी बन्दर बाट कर रहे हैं. एक कर्मचारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि एक अधिकारी तो बाकायदा एजेंसी ही चलवा रहा है जिसका हिस्सा दिल्ली के एक उच्च अधिकारी तक को जाता है. इस खेल में लखनऊ के भी कई लोगो को मोटा हिस्सा मिलता है जिससे इनके हौसले एकदम बुलंद हैं. इस खेल में अब तक करोड़ों रुपये की हेराफेरी हो चुकी है.
दूसरी तरफ विज्ञापन टीम से उन लोगों को बाहर का रास्ता दिखाया जा रहा है जो इनकी बात नहीं मानते. उनका सफाया कर ऐसे लोगों को भर्ती किया जा रहा है जो इनके कहे अनुसार इनको मोटा माल अन्दर करने में सहयोग करें. गौरतलब है कि इससे पहले भी आर्थिक घपलों के चक्कर में दिल्ली ने एक बार पूरी टीम का ही सफाया कर दिया था लेकिन इससे सबक लेने के बजाय ये लोग बेख़ौफ़ होकर अपना काम करने में लगे हुए है. अगर ऐसा ही रहा तो वो दिन दूर नहीं जब हिंदुस्तान की नैया डावांडोल हो जाये.






