उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में 26 अक्टूबर को दैनिक जागरण के पत्रकार नरेंद्र नाथ पाण्डेय पर जानलेवा हमला और लूटपाट मामले में पत्रकार की जान को खतरा है। पहले सुहवल थाना के एसओ राम स्वरूप वर्मा ने जान से मरवाने की धमकी दी थी, अब मारपीट और लूटपाट का आरोपी सुहवल निवासी संत कुमार राय ने पत्रकार के आवास पर पहुंचकर समझौता न करने की स्थिति में जान से मारने की धमकी दी है। ऊंची पहुंच रखने वाले संत कुमार राय के खिलाफ आइपीसी की धारा 394, 504, 506 और 323 में प्राथमिकी दर्ज है।
इस मामले में गाजीपुर पत्रकार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश दूबे के नेतृत्व में पत्रकारों का प्रतिनिधि मंडल 30 अक्टूबर को गाजीपुर के एसपी विजय गर्ग से मिलकर एसओ राम स्वरूप वर्मा की शिकायत की थी तथा आरोपी संत कुमार को पकड़कर जेल भेजवाने की मांग की थी। एसपी विजय गर्ग ने भी आरोपी पर उक्त धारा लगने के बाद छोड़े जाने पर हैरानी जताई थी। उन्होंने एसपीओ जमानियां कमल किशोर को सुहवल एसओ की जांच का जिम्मा सौंप दिया था। एसपी ने पत्रकार नरेंद्र नाथ को भरोसा दिलाया था कि इस मामले में आरोपी को जेल भेजा जाएगा तथा एसओ के खिलाफ उचित कार्रवाई होगी। बावजूद इसके एसपीओ जमानियां कमल किशोर अवकाश पर चले गए हैं। एसओ के खिलाफ जांच में ढिलाई तथा आरोपी संत कुमार राय का खुलेआम पत्रकार के आवास पर आकर जान से मारने की धमकी देने से पत्रकार नरेंद्र नाथ की जान को खतरा बना हुआ है।