: कानाफूसी : एक अधिकारी को पत्रकार को साला कहने पर मुंह की खानी पड़ी. बेचारे अधिकारी महोदय अपना सा मुंह लेकर रह गए. मामला है देवरिया के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के डबल एओ के चेम्बर का. यहां पर डबल एओ वाचस्पति द्विवेदी प्रेस क्लब के अध्यक्ष घनश्याम मिश्रा, इंडिया टीवी के पत्रकार अवनीश मणि, आजतक के पत्रकार राम प्रताप सिंह, सर्व शिक्षा अभियान के कई बाबू और शिक्षक बैठे हुए थे.
यहां बात केजरीवाल के आंदोलन से शुरू हुई और मीडिया की भूमिका पर जाके टिक गई. सब अपनी अपनी राय रख रहे थे, तभी टॉपिक खोजी पत्रकारिता की तरफ मुड़ गया और नेताओं के ऊपर मीडिया के खुलासे पर बात होने लगी. इसी बीच अपनी प्रतिक्रिया देते हुए डबल एओ वाचस्पति द्विवंदी ने जोश में आते हुए कह दिया कि नेता चाहे लाख चालाक बने पत्रकार साले कहीं न कहीं से मामला निकाल ही लेते हैं.
उनके इतना कहते ही पत्रकारों के साथ साथ वहां बैठे सभी लोग सन्न रह गए. मौन तोड़ा इंडिया टीवी के पत्रकार अवनीश मणि ने और कहा कि आप बिल्कुल सच कह रहे हैं, जब तक पत्रकार अपने मिशन पर होता है आप जैसे लोग साला समझते हैं और जैसे ही पत्रकार की स्टोरी से चोरों की चड्ढियां उतरनी शुरू होती है तो आप जैसे लोग उन्हें अपना बहनोई बना लेते हैं. पत्रकार के इस जवाब से साहब का मुंह देखने लायक हो गया. उन्हें समझ में नहीं आ रहा था कि अब इस पर क्या कहें. इस वजह से वहां का माहौल काफी गंभीर हो गया और फिर एक एक करके सभी लोग उठ कर चले गए.





