नई दिल्ली : चलती बस में गैंग रेप पर अभी हो हल्ला खतम भी नहीं हुआ है कि देश की राजधानी में एक बार फिर गैंगरेप से शर्मसार होई है. इस बार गैंग रेप की शिकार एक विदेशी लड़की बनी है. पीड़ित लड़की अफ्रीकी मूल की बताई जाती है. गैंग रेप की वारदात शुक्रवार की रात साउथ दिल्ली में मालवीय नगर इलाके के हौजरानी में हुई. खबर मिलते ही दिल्ली पुलिस के आला अफसरों में हड़कंप मच गया.
रात को ही पीड़ित लड़की को मदन मोहन मालवीय हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया. बताया जाता है कि युवती के संवेदनशील भागों में गंभीर चोटें आई हैं. डीसीपी छाया शर्मा ने बताया कि युवती से ठीक से बात नहीं हो पा रही है, उससे बात होने के बाद ही सही स्थिति का पता चलेगा. लड़की की भाषा समझने के लिए उसके साथियों को बुलाया है. वह यदि रेप का बयान देती है तो उसी हिसाब से ऐक्शन लिया जाएगा.
डीसीपी ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट भी दोपहर तक आने की संभावना है. अभी इस मामले में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी. मामले की तहकीकात में मालवीय नगर थाना पुलिस जुटी है. पुलिस सूत्रों ने जानकारी दी कि 25 साल की विदेशी युवती कुछ समय पहले दिल्ली घूमने आई थी और यहां मालवीय नगर के हौजरानी एरिया में रह रही थी. रात करीब साढ़े दस बजे वह अपने घर की तरफ जा रही थी, उसी समय दो युवकों ने उसे दबोच कर उसके साथ गैंग रेप किया. प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आ रही है कि युवती आरोपियों को पहचानती नहीं है.






