धर्मशाला : एनडीटीवी के कैमरामैन एन रवि का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है। उनके परिजन परेशान और दुखी हैं। एन रवि की माता एन सुगुनाटाय शुक्रवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जी शिवा कुमार और जिलाधीश केआर भारती से मिलकर अपने पुत्र की खोज तेज करने का निवेदन किया हैं। जिलाधीश केआर भारती ने उन्हें आश्वस्त किया है कि कैमरामैन की खोज के लिए हाई रेस्क्यू टीम भेजी जाएगी। वन विभाग से भी सहयोग लिया जाएगा। जरूरत पड़ी तो हेलीकॉप्टर से भी सर्च अभियान को चलाया जाएगा।
एनडीटीवी प्रबंधन भी कैमरामैन की जानकारी को लेकर चिंतित है। दिल्ली हेड ऑफिस से प्रशासनिक प्रबंधक धनंजय कुमार पिछले दो सप्ताह से यहां पर डेरा डाले हुए हैं तथा एन रवि को ढूंढने के लिए हर संभव कोशिशों में जुटे हैं। हालांकि अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है तथा लोग कुछ बुरा होने की आशंका भी व्यक्त करने लगे हैं। फिर भी धनंजय यहां के लोकल गाइड और सर्च टीम के साथ एन रवि की तलाश में जुटे हुए हैं।





