मुरादाबाद : कथित मीडिया कर्मियों ने अश्लीलता के लिए सपा विधायक के नाम का इस्तेमाल कर लिया। उनके नाम पर किसी अन्य की बात कराकर लोक निर्माण विभाग का गेस्ट हाउस खुलवा लिया और महिलाओं को लाकर अश्लीलता शुरू कर दी। मंशा भांपकर गेस्ट हाउस कर्मियों ने विरोध किया तो सभी भाग गए। उनकी एक बाइक रोक ली गई है।
गेस्ट हाउस में रविवार दोपहर लगभग साढ़े बारह बजे तीन बाइक पर सात लोग पहुंचे, उनमें एक शख्स ने खुद को मीडियाकर्मियों के संघ का पदाधिकारी बताकर वीआईपी कमरा खोलने को कहा। चौकीदार हेमराज के मना करने पर संघ के कथित पदाधिकारी ने चौकीदार की शहर विधायक के नाम पर किसी से बात करा दी। चौकीदार शहर विधायक की आवाज नहीं पहचानता था इसलिए प्रथम तल पर स्थित कमरा नंबर चार खोल दिया।
कमरा लेने के दस मिनट बाद ही सात महिलाएं पहुंची और फिर दरवाजा बंद हो गया। इसपर गेस्ट हाउस के स्टाफ को संदेह हुआ और उन्होंने कमरा खुलवाना चाहा। दरवाजा नहीं खुलने पर उन्होंने पुलिस को सूचना देने की बात कही। इसपर सभी कथित मीडिया कर्मी भाग गए। आनन-फानन में एक शख्स की बाइक छूट गई जिस पर कथित मीडियाकर्मियों के संघ का नाम तथा प्रेस लिखा हुआ है। घटना की सूचना पर एसओ सिविल लाइन सतीश कुमार तथा एक्सईएन अशोक कुमार भी पहुंच गए। पुलिस बाइक थाने उठा ले गई। एक्सईएन ने पुलिस को तहरीर देकर फर्जी मीडियाकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसओ ने बताया कि चौकीदार को दिए गए पत्र में विनीत नामक कथित पत्रकार की ओर से लिखा गया है कि वह बैठक करने के लिए कमरा लेना चाहता है। रेलवे हरथला कालोनी निवासी विनीत की तलाश की जा रही है।





