गुवाहाटी : असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने जीएस रोड छेड़खानी मामले में स्थानीय टेलीविजन चैनल के एक पत्रकार को अदालत द्वारा बरी किये जाने पर असंतोष व्यक्त किया है। इसी पत्रकार ने पूरे घटनाक्रम को कवर किया था। गोगोई ने आज यहां कहा कि हालांकि अदालत ने पत्रकार को क्लीन चिट दी है लेकिन वह मानते हैं कि उसकी भी गलती थी। कोर्ट ने स्थानीय पत्रकार गौरव ज्योति नियोग तथा तीन अन्य को साक्ष्य के अभाव में पिछले सप्ताह अदालत ने बरी कर दिया था जबकि 11 अन्य आरोपियों को कारावास एवं जुर्माने की सजा सुनायी थी।
मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आरोपी पत्रकार को छोड दिया गया है लेकिन वह अब भी मानते हैं कि उसे भी दंडित किया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि मैं उसे बरी किये जाने से खुश नहीं हूं पर कानून मेरी पसंद नापंसद से नहीं चलता। गृह विभाग भी संभाल रहे गोगोई ने कहा कि वह किसी भी जांच या कानूनी प्रक्रिया में हस्तक्षेप नहीं करते हैं। पर हर दोषी को दंडित किया जाना चाहिए।






