नई दिल्ली। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने सोनी टीवी को सलाह दी है कि वह अपने शो क्राइम पेट्रोल-दस्तक में दिल्ली में गैंग रेप की घटना का नाट्य रूपांतरण न दिखाएं। मंत्रालय ने सभी टीवी चैनलों को भी इस तरह की एडवाइजरी जारी की है। मंत्रालय ने टीवी चैनलों से कहा है कि वे जमीनी हकीकत की संवेदनशीलता को समझें। गौरतलब है कि क्राइम पेट्रोल-दस्तक में दिल्ली गैंग रेप की घटना का नाट्य रूपांतरण दिखाया जाना था। चैनल का कहना था कि तीन कडियों में गैंग रेप की घटना का नाट्य रूपांतरण दिखाया जाएगा। क्राइम पेट्रोल-दस्तक मशहूर टीवी धारावाहिक है।
इसमें क्राइम की घटनाओं का नाट्य रूपांतरण दिखाया जाता है। कार्यक्रम के प्रस्तोता अनूप सोनी हैं। शो के जरिए उन्होंने भी खूब वाहवाही बटोरी है। दिल्ली में 16 दिसंबर को चलती बस में एक युवती से सामूहिक बलात्कार हुआ था। इस घटना को लेकर देश भर में जमकर विरोध प्रदर्शन हुए थे। गैंग रेप की शिकार युवती का सिंगापुर में निधन हो गया था। साभार : पत्रिका






