नीमच। काफी लंबे समय बाद सभी पत्रकारों को एक साथ देखा है। एकजुटता का लाभ मिलता है। जब तक पत्रकार शत-प्रतिशत आत्मनिर्भर नहीं हो पाएगा तब तक उसके परिवार व भविष्य की चिंता रहती है। प्रस्तावित भवन का निर्माण होने के बाद सभी प्रौद्योगिकी सुविधाएं दी जाएगी। यह बात जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने कही। श्री सखलेचा पत्रकार संघ के दीपावली एवं नववर्ष मिलन समारोह में बोल रहे थे। वे आयोजन के मुख्य अतिथि थे। उन्होंने कहा कि पत्रकार को सकारात्मक कार्य की प्रशंसा करना चाहिए। पत्रकार समाज से बाहर नहीं समाज का अंग ही है। पूरे मालवा का नीमच प्रमुख शहर है। नीमच बढ़ेगा तो हर व्यक्ति का विकास होगा। पत्रकारों की आवास योजना पर प्रदेश सरकार की योजना पर विस्तार से जानकारी दी।
आयोजन में इंदौर प्रेस क्लब के अध्यख प्रवीण खारीवाल ने कहा कि मतभेद भुलाकर काम करें। मतभेद का फायदा दूसरे लेते हैं। एकजुट होने पर कई बड़े नेता आपके पास रहेंगे। एकजुटता के कारण यह विशेष काम हुआ है। हमारे पास संघ का भूखंड है। जिस पर भव्य भवन का निर्माण किया जाए ताकि आने वाले समय में सभी आयोजन एक ही स्थान पर हो सके। भवन अपना होने पर विभिन्न सांस्कृतिक व साहित्यिक कार्यक्रम होते रहते हैं। उन्होंने जानकारी दी कि इंदौर प्रेस क्लब चार-पांच सालों से राष्ट्रीय स्तर का आयोजन कर रहा है। अब अगला चरण अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन का है। जिसमें 7 देशों के कई बड़े समाचार पत्र समूह के संपादक शामिल होंगे। इस मौके उन्होंने प्रेस क्लब के कार्यों की जानकारी दी। इंदौर प्रेस क्लब आज जिस मुकाम है उसके लिए आपके क्षेत्र के निवासी व पूर्व मुख्यमंत्री वीरेंद्र कुमार सखलेता की देन है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं समाचार पत्र अमृत कुंभ से जुड़े सम्पतलाल पटवा ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पत्रकारो के हितों को ध्यान में रखते हुए उनके लिए भविष्य तैयार कर उनका क्रियान्वयन करना व उनके संचालन हेतु एक भवन बनाना। भूखंड तो काफी समय से है। नीमच को पत्रकार जगत के कारण को जाना जाता रहा है। पत्रकार व मीडिया प्रजातंत्र के चार स्तंभ सबसे प्रमुख माना जाता है। ये दोनों ही प्रजातंत्र को जिंदा रखे हुए हैं। कलम की ताकत का मुकाबला ईश्वर को छोड़कर किसी से नहीं किया जा सकता है। पत्रकार समाज को दिशा, उन्नति के अवसर प्रदान कर उसका सर्वांगीण विकास करता है। पत्रकारिता को इसलिए समाज का दर्पण कहा जाता है। उन्होंने अपेक्षा की कि पत्रकार संघ को सक्रिय कर जो योजनाएं सामने लाए हैं उसका स्वागत है। उन योजनाओं का शीघ्र क्रियान्वयन कर संघ को तेजी से आगे बढ़ाएं।
भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीपसिंह परिहार ने कहा कि अपनी मंजिल सामने है। पत्रकारों के दर्द को समझते हैं। पत्रकार एकत्र हो रहे हैं तो यह नीमच के लिए विकास की इबारत है। संगठन का महत्व होता है। कलम से क्रांति आई है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जो जनप्रतिनिधि होंगे उनसे पत्रकारों के विकास के लिए सदैव योजनाएं मंजूर कराई जाएगी। मंडी व्यापारी संघ अध्यक्ष राकेश भारद्वाज ने कहा कि पत्रकार संघ को पुनर्जीवित किया जा रहा है। पत्रकार समाज के लोगों का हितैषी होता है। इस भवन के निर्माण में हर संभव सहयोग किया जाएगा। समाज में पत्रकार की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। भाजपा कोषाध्यक्ष संतोष चौपड़ा ने अपने अभिन्न मित्र तथा पत्रकार साथी गोपाल खंडेलवाल को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि आज भी देश की गतिविधियों की जानकारी के लिए समाचार पत्र देखने का चलन है। उसका आधार स्तम्भ पत्रकार होता है। कलम सबसे बड़ी ताकत होती है। वास्तव में समाचार एकत्र करना कठिन कार्य है। सकारात्मक पत्रकारिता का लाभ देश व समाज को मिलता है। उन्होंने भवन निर्माण के सपने के साकार की उज्ज्वल कामना की। उन्होंने सहयोग का विश्वास दिलाया।
पुराने पत्रकार साथी यशवंत बंसल ने पुरानी पत्रकारिता का रेखांकन प्रस्तुत करते हुए आज के संदर्भ में मिलने वाली सुविधाओं की चर्चा की। उन्होंने खुशी जाहिर की कि पत्रकारों ने एकजुटता के साथ काम करने का संकल्प दोहराया है। इससे शहर और पत्रकार समाज के लिए अच्छा संदेश जाएगा। उन्होंने 40 वर्ष पहले के समाचार पत्र का उल्लेख किया। नए पत्रकारों से उन्होंने अपेक्षा की कि पत्रकारिता को नई उंचाईयों पर ले जाए। आयोजन के प्रारंभ में वरिष्ठ पत्रकार आयोजन संघ के आधार स्तम्भ सुरेंद्र सेठी ने कहा कि जिस मुकाम के लिए कदम बढ़ाया है उससे खुश हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि 6 माह में पत्रकार भवन का निर्माण प्रारंभ हो जाएगा। आधारशिला मुख्यमंत्री से रखाई जाएगी। उन्होंने विधायक श्री सखलेचा का आभार व्यक्त किया। पिछले कुछ समय से पत्रकारों पर जो अत्याचार हुए हैं उससे एकजुटता का माहौल बना है। कोशिश करेंगे कि पत्रकारों के लिए कुछ नया कर सकें।
वरिष्ठ पत्रकार पी. मोतीलाल शर्मा ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने नीमच की अतीत की उज्ज्वल पत्रकारिता का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि आपस में चर्चा करने का यह अवसर है जिससे जिले के पत्रकारों के विकास को गति मिले। पत्रकारों को एक स्थान उपलब्ध हो जहां चर्चा की जा सके। इसके लिए यह प्रयास प्रारंभ किया। उन्होंने स्वर्गीय गोपाल खंडेलवाल का स्मरण कर उनके कार्यों का उल्लेख किया और भावी योजनाएं बताई। श्री शर्मा ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 18 मई को स्वर्गीय गोपाल खंडेलवाल की स्मृति में श्रेष्ठ पत्रकारिता पुरस्कार दिया जाएगा। इसमें जिले से पृविष्ठियां आमंत्रित करने की बात बताई। स्वर्गीय गुलाबचंद सेठी की स्मृति में व्याख्यान माला के आयोजन तथा देश के प्रख्यात साहित्सकारों को आमंत्रित करने की बात कही। इसके साथ ही साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम करने की जानकारी दी।
इस मौके पर श्री खारीवाल तथा समंदर पटेल के प्रतिनिधि राजू वर्मा का शाल श्रीफल से सम्मान किया गया। इसके साथ ही मंचासीन अतिथि श्री सखलेचा, श्री खारीवाल, श्री पटवा, श्री परिहार, श्री भारद्वाज, श्री चोपड़ा को आयोजन कमेटी के सदस्यों ने स्मृति चिहन प्रदान किए। आयोजन में विशेष सहयोग के लिए माहेश्वरी समाज के सचिव शिव माहेश्वरी का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में महिपालसिंह चौहान और सुरेश सन्नाटा ने संबोधित किया। इस मौके पर पुरषोत्तम मेघवाल, रेडक्रास चेयरमेर रविंद्र मेहता, जावद जनपद अध्यक्ष सत्यनारायण पाटीदार, ज्ञान मंदिर विधि महाविद्यालय के प्राचार्य विवेक नागर, जिनेंद्र डोसी, नरेंद्र गांधी, किशोर जेवरिया अर्जुनलाल नरेला, सीटू के प्रदेश सचिव शेलेंद्र ठाकुर, केके गर्ग, शिवशंकर शर्मा, परियोजना अधिकारी एस कुमार, भाजपा महामंत्री हेमंत हरित आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन जीवन कौशिक ने किया। आभार वरूण खंडेलवाल ने माना।
नीमच से श्याम जाटव की रिपोर्ट.






