नई दिल्ली : दक्षिण जिला के साउथ कैंपस थाने में दो न्यूज चैनलों के दो पत्रकारों के खिलाफ उगाही की कोशिश का मामला दर्ज किया गया है। एक इंडिया टीवी की महिला रिपोर्टर है और दूसरा स्टार न्यूज से एबीपी न्यूज बने चैनल का। दोनों कार मैकेनिक शॉप के मालिक 53 वर्षीय विजय कुमार की एक कॉलगर्ल के साथ अंतरंग संबंधों की सीडी टेलीकास्ट करने की धमकी देते हुए उससे 20 लाख रुपये की मांग कर रहे थे।
धमकी से तंग आकर पहले तो विजय ने थाना व पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर काटे। जब उसकी कहीं नहीं सुनी गई तब उसने साकेत कोर्ट में गुहार लगाई। कोर्ट के आदेश पर बृहस्पतिवार को मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस अधिकारी के मुताबिक आरोपी दोनों पत्रकार अलग-अलग न्यूज चैनलों इंडिया टीवी और एबीपी न्यूज में काम करते हैं।
शिकायतकर्ता विजय की वसंत विहार में मोटरक्राफ्ट के नाम से कार मैकेनिक की दुकान है। उसने कोर्ट में अर्जी दायर करते हुए कहा था कि सत्य निकेतन में एक एनजीओ चलाने वाला युवक अपने घर पर ही कॉलगर्ल रैकेट का धंधा चलाता है। कुछ महीने पूर्व वह उसके घर गया था। वहां उसे एक कॉलगर्ल दी गई थी, जिसके साथ अंतरंग संबंध बनाने के दौरान उसकी वीडियो क्लिप तैयार कर ली थी।
इसके बाद आरोपी उसे फोन कर 20 लाख रुपये देने अन्यथा थाने में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करा देने की धमकी दे रहा था। बाद में आरोपी की तरफ से दोनों पत्रकार भी उसे धमकी देने लगे थे कि वह या तो 20 लाख देकर मनु से समझौता कर ले अन्यथा उसकी सीडी को वे चैनल पर दिखा देंगे। विजय के पास बातचीत की रिकॉर्डिग भी है, जिसकी सीडी कोर्ट व पुलिस को सौंपी गई है। बृहस्पतिवार को कई घंटे तक शिकायतकर्ता और दोनों आरोपियों से पूछताछ की गई।
Related News- इंडिया टीवी ब्लैकमेल





