पत्रकार आजाद खालिद ने इंडिया न्यूज ज्वाइन किया है। मुबंई से प्रकाशित होने वाले एक स्थानीय दैनिक के संपादक पद से इस्तीफे के बाद इंडिया न्यूज पहुंचे आजाद खालिद इससे पहले कई राष्ट्रीय न्यूज चैनलों में सेवाएं दे चुके हैं। डीडी आंखो-देखी से करियर शुरु करने के बाद लगभग 6 साल सहारा समय में गुजारने वाले आजाद खालिद इसके बाद इंडिया टीवी चले गये थे। सहारा समय पर प्रसारित होने वाला आजाद खालिद का साप्ताहिक क्राइम शो तफ्तीश उस समय काफी सराहा गया।
इंडिया टीवी के अपने कार्यकाल में, नोएडा अथॉरिटी द्वारा कई बड़े नेताओं, मीडिया के कई दिग्गजों के अलावा बड़े नौकरशाहों को ऑउट ऑफ टर्न अलॉट किये गये करोड़ों के प्लाट स्कैम को उजागर करने की सजा के तौर पर आजाद खालिद को भारी कीमत चुकानी पड़ी थी। इंडिया टीवी के बाद आजाद खालिद एस वन की उसी टीम में शामिल रहे, जिसके हाथों एस वन एनसीआर में नंबर वन पोजिशन तक जा पहुंचा था। इसके अलावा आजाद खालिद वॉयस ऑफ इंडिया और सीएनईबी समेत कई चैनल्स में महत्वपूर्ण पदो पर रह चुके हैं। अपने करियर में कई बड़ी स्टोरियों की कवरेज करने वाले आजाद खालिद बतौर चैनल हैड, चैनल वन को लांच करा चुके हैं। वह अपने शुरुआती लगभग एक साल के कार्यकाल के दौरान चैनल वन की सफलता को अपनी टीम की उपलब्धि मानते हैं।
उत्तर प्रदेश में मायावती की पिछली सरकार के दौरान गाजियाबाद और प्रदेश के कई बड़े घोटाले उजागर करने की भी आजाद खालिद को भारी कीमत चुकानी पड़ी थी। जिसके लिए उनके खिलाफ चंद मिनट के अंदर ही कई एफआईआर दर्ज करा दी गई थीं। हालांकि कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद आजाद खालिद की गिरफ्तारी के मंसूबों पर पानी फिर गया था।