यशवंतजी, इंडिया न्यूज का भी हालचाल गजब है. जब से नए ऑफिस में चैनल को ले जाया गया है तब से ही यहां काम करने वाले परेशान हैं. ओखला में कार्यालय के आसपास पसरी गंदगी और सार्वजनिक परिवहन साधन के अभाव के चलते कम पैसा पाने वाले कर्मचारी परेशान हैं. आए दिन कर्मचारियों के साथ लूट और छिनैती जैसी घटनाएं भी हो रही हैं, पर इन से प्रबंधन को कोई मतलब नहीं है, वह तो इंडिया न्यूज के बिहार में नम्बर वन होने की खुशी मना रहा है.
जैसे बेवकूफ टीवी चैनल वाले होते हैं, वैसा ही बेवकूफ टैम वाले बनाते हैं. सभी चैनलों को किसी न किसी कटेगरी में नम्बर एक कर देते हैं. चैनल दिखे चाहे न दिखे पर चालाक लोग किसी न किसी कटेगरी में अपने अपने चैनल को नम्बर एक बना ही देते हैं. ऐसा ही हाल इस समय इंडिया न्यूज में चल रहा है. बताया जा रहा है कि इंडिया न्यूज बिहार इस सप्ताह भी नम्बर एक पर रहा है. अब किस श्रेणी में नम्बर एक हुआ पता नहीं पर इसकी खुशी में पार्टी दी गई. श्रीनिवासपुरी स्थित पुराने बिल्डिंग में पार्टी हुई.
इस पार्टी में चुनिंदा लोगों को बुलाया गया. खैर इस पार्टी में एंकर तो सभी बुलाए गए. जमकर पार्टी हुई. सब कुछ चला अमूमन जो पार्टियों में चलता है. पर दुख इस बात का है कि प्रबंधन एक तरफ से टैम वालों की अधकचरी जानकारी पर पार्टी कर रहा है वहीं दूसरी तरफ उसके कर्मचारी लूटे जा रहे हैं. घायल किए जा रहे हैं, पर प्रबंधन को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है. पिछले दिनों ही दो कर्मचारियों के साथ लूट की घटनाएं हुई, फिर भी प्रबंधन को इससे कोई फर्क नहीं पड़ रहा. कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए कोई भी कदम नहीं उठाया जा रहा है. कर्मचारी भाड़ में जाएं अपनी बला से. प्रबंधन पार्टियां तो करता रहेगा. जय हो इंडिया न्यूज.
एक पत्रकार द्वारा भेजे गए पत्र पर आधारित.






