: कानाफूसी : देश की इलेक्ट्रानिक हिंदी मीडिया से एक बड़ी खबर आने वाली है. खबर अभी चर्चा की शक्ल में है. पर माना जा रहा है कि यह लगभग सही है. खबर इंडिया न्यूज से है. इंडिया न्यूज जल्द ही रुपर्ट मर्डोक के स्टार समूह से टाईअप करने जा रहा है. दोनों कंपनियों के बीच बातचीत लगभग तय बताई जा रही है. माना जा रहा है कि इस डील में दीपक चौरसिया की भूमिका भी महत्वपूर्ण है. इस चर्चा को इसलिए और अधिक बल मिल रहा है कि अभी कुछ समय पहले इंडिया टीवी समूह के एमडी कार्तिकेय शर्मा लंदन गए थे.
जिस तरह से दीपक चौरसिया और पुण्य प्रसून बाजपेयी के इंडिया न्यूज से जुड़ने की खबर आ रही है, उसमें यह तय माना जा रहा है कि दोनों पत्रकार कोई छोटा मोटा खेल नहीं खेलेंगे. दशकों से पत्रकारिता में सक्रिय इन पत्रकारों के जुड़ने की खबरों के बाद से ही माना जा रहा था कि इंडिया न्यूज एक गंभीर चैनल की शक्ल अख्तियार कर लेगा. पर अब जो खबरें छन कर आ रही हैं उससे तय है कि अगर यह टाई अप फाइनल हो गया तो इंडिया न्यूज देश का अग्रणी ब्रांडों में शामिल हो जाएगा. हालांकि उच्च प्रबंधन भी अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि की बात से इनकार कर रहा है, परन्तु चर्चा होने की बात को वह भी मान रहा है.
गौरतलब है कि रुपर्ट मर्डोक की कंपनी स्टार इंडिया इसके पहले आनंद बाजार पत्रिका समूह के साथ टार्इ अप में एमसीएस के बैनर तले स्टार न्यूज का संचालन कर रहा था. बाद में दोनों समूहों ने अपने वेंचर को अलग अलग कर लिया. इसके बाद आनंद बाजार पत्रिका ने स्टार न्यूज की टीम के साथ ही एबीपी न्यूज लांच कर दिया. उसी समय से कयास लगाया जा रहा था कि स्टार अपने ब्रांड को इतनी आसानी से डूबने नहीं होने देगा. वो इंडिया में किसी चैनल के साथ ब्रांड नेम के लिए टाई अप जरूर करेगा. अब जब दीपक चौरसिया, पुण्य प्रसून और स्टार का नाम आ रहा है तो माना जा सकता है कि इंडिया न्यूज जल्द ही कोई धमाकेदार खिचड़ी पकाने जा रहा है.





