जालंधर : दो दिन पहले एनडीटीवी के पत्रकार अश्वनी मल्होत्रा पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने 2 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी व थाना नं. 3 के प्रभारी को सस्पेंड करने की मांग को लेकर आज पंजपीर, भगत सिंह चौक व अन्य दुकानदारों ने बाजार बंद कर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही ए.डी.सी.पी. सिटी एक नरेश डोगरा, ए.सी.पी. बलकार सिंह मौके पर पहुंचे व दुकानदारों को न्याय का आश्वासन दिया व दुकानदारों को शांत किया।
दूसरी तरफ पत्रकार पर कातिलाना हमला करने के आरोप में पकड़े गए आरोपियों के समर्थक भी थाना नं. 3 के बाहर एकत्रित हो गए लेकिन पुलिस ने उन्हें वहां से खदेड़ दिया। आज पुलिस कमिश्नर गौरव यादव, पूर्व मंत्री अवतार हैनरी व अन्य कई लोग पत्रकार अश्विनी मल्होत्रा का हाल जानने सिविल अस्पताल में पहुंचे। पुलिस कमिश्नर गौरव यादव ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। थाना नं. 3 की पुलिस ने पकड़े गए सभी आरोपियों का सिविल अस्पताल से मेडिकल करवाया व माननीय अदालत में पेश करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया। ए.डी.सी.पी नरेश डोगरा ने बताया कि पुलिस ने मुनीष कुमार निवासी चंदन नगर व गुरनाम सिंह निवासी कोट बाबा दीप सिंह को गुप्त सूचना के आधार पर अरेस्ट कर लिया गया है।
आज पत्रकार एसोसिएशन के सदस्यों ने एक मीटिंग दौरान निर्णय लिया कि पत्रकार अश्विनी मल्होत्रा का उपचार वह खुद अपने खर्चे पर प्राइवेट अस्पताल से करवाएंगे। वहीं आज सभी पत्रकार स्थानीय क्लाक टावर चौक से लेकर पुलिस कमिश्नर गौरव यादव के निवास स्थान तक पैदल रोष प्रदर्शन करते हुए गए व सभी पत्रकारों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। वहीं दूसरी तरफ पुलिस कमिश्नर गौरव यादव ने इस मामले की जांच ए.डी.सी.पी. नवजोत सिंह माहल को सौंप दी है।






