हनुमानगढ़। वरिष्ठ पत्रकार करणीदान सिंह राजपूत ने आम आदमी के लिए पत्रकारिता किए जाने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि चंद प्रभावी लोगों की चाटुकारिता के बजाय अगर आम आदमी के हित में काम होगा तो इसके बहुत अच्छे नतीजे सामने आएंगे। आम आदमी का भला होगा और मीडिया को भी इसका फायदा पहुंचेगा। वे आज यहां नवज्योति मूक-बधिर स्कूल में दैनिक तेज के संस्थापक डॉ. तेजनारायण शर्मा की पुण्यतिथि के अवसर पर 'बदलते परिदृश्य में प्रिंट मीडिया की भूमिका' विषयक व्याख्यान माला को बतौर मुख्य वक्ता संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि डॉक्टर तेज नारायण शर्मा जैसे लोगों ने आज से पांच दशक पहले जब पत्रकारिता शुरू की, तब आज की तरह सुख-सुविधाएं नहीं थीं। न संचार के साधन थे और न अत्याधुनिक प्रिटिंग की सुविधा। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने लगातार अखबार निकाल कर पत्रकारिता धर्म निभाया। ऐसे लोगों को सिर्फ जयंती-पुण्यतिथि पर ही नहीं, इन्हें हर रोज पूजा जाना चाहिए।
राजपूत ने कहा कि पहले पत्रकारिता सिखाने वाले संस्थान नहीं थे। उस समय छोटे कहे जाने वाले अखबारों के दफ्तरों में ही लोग पत्रकार के रूप में शिक्षित-दीक्षित होते थे, उनमें से अनेक लोग ख्याति प्राप्त कर मूर्धन्य पत्रकार कहलाए। बड़े समाचार घरानों को इस तरह का श्रेय प्राप्त नहीं है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ पत्रकार मदन अरोड़ा ने कहा कि डॉक्टर तेजनारायण शर्मा निर्भीक, निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकार थे। उन्होंने कभी पत्रकारिता के मूल्यों से समझौता नहीं किया। वरिष्ठ पत्रकार गोविंद गोयल ने कहा कि पत्रकार को विभिन्न परिस्थतियों में काम करना पड़ता है। वह गांव में रहते हुए यदि विकास पत्रकारिता करता है तो शहर में आकर उसका कैनवास बड़ा हो जाता है। हर स्थिति में पत्रकार का काम सराहनीय है।

पत्रकार अमरपाल सिंह वर्मा ने कहा कि इलेक्ट्रोनिक या इंटरनेट मीडिया से प्रिंट मीडिया को कोई खतरा नहीं है। छपे हुए शब्दों का महत्व हमेशा बरकरार रहेगा। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव मनीष धारणीया ने कहा कि पत्रकारों ने हमेशा क्षेत्र के विकास में भूमिका निभाई है। अखबारों के बूते पर न केवल समस्याओं का समाधान हुआ है, बल्कि विकास को भी गति मिली है। इस मौके पर ईटीवी के संवाददाता राजू रामगढिय़ा ने डॉक्टर तेज नारायण शर्मा से जुड़े अपने संस्मरण सुनाए। दैनिक तेज के संपादक देवेन्द्र शर्मा ने सभी का स्वागत किया। नवज्योति स्कूल के संचालक भीष्म कौशिक ने मंच संचालन किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता बहादुर चंद जैन, राजेन्द्र बैद, कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक गुरदीप सिंह चहल, वरिष्ठ अधिवक्ता विजय शर्मा, एडवोकेट ओमप्रकाश अग्रवाल, व्यापारी सोमप्रकाश अग्रवाल, जूडो कोच विनीत बिश्नोई, अग्रवाल समाज समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनीराम चांदवासिया, स्वयंसेवी शिक्षण संस्था संघ के जिलाध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा, कांग्रेस के जिला महासचिव डॉक्टर बीके चावला, कांगे्रस प्रवक्ता तरुण विजय, बुजुर्ग समाजसेवी सेवाराम सिंधी, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष डॉक्टर भारतभूषण शर्मा, सुशील बहल, पूर्व सरपंच लियाकत अली, पंडित दीनदयाल विचार मंच की अध्यक्ष विशाखा शर्मा, पंडित जसवीर शर्मा, रोहताश कड़वासरा, अमित जैन सहित विभिन्न वर्गों के लोग शामिल थे।






