खरगोन : दिल्ली में हुए गैंगरेप से जहां राजधानी समेत पूरा देश नाराज है. लोग गुस्से में हैं, वहीं मध्यप्रदेश में एक महिला कृषि वैज्ञानिक के बयान ने सबको हतप्रभ और स्तब्ध कर दिया है. मध्य प्रदेश के खरगौर जिले में पुलिस विभाग द्वारा महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता पर एक सेमीनार रख गया था. इसमें एक महिला कृषि वैज्ञानिक डॉ. अनीता शुक्ला, जो लायंस क्लब की अध्यक्ष भी हैं, को भी निमंत्रित किया गया था. पर उन्होंने इस सेमीनार में बोलते हुए दिल्ली गैंगरेप मामले में पीडि़ता को ही जिम्मेदार ठहरा दिया. उन्होंने कहा छह लोगों से घिरने पर लड़की ने चुपचाप समर्पण क्यों नहीं कर दिया? कम से कम उसकी आंतें निकालने की नौबत तो न आती. अनीता शुक्ला इतने पर ही नहीं रुकीं उन्हों ने कहा कि महिलाएं ही पुरुषों को उकसाती हैं.
उन्होंने और भी सवाल उठाए. उनका सवाल था 10 बजे रात को लड़की घर से बाहर क्या कर रही थी? वह भी अपने ब्वॉयफ्रैंड के साथ. अगर इतनी देर रात तक लड़कियां ब्वॉयफ्रैंड के साथ घुमेंगी तो यही होगा. पुलिस कहां तक देख-रेख करेगी? उन्होंने पीडि़ता के प्रतिरोध को भी उसका दुस्साहस बताया. उन्होंने कहा कि हाथ पांव में दम नहीं, हम किसी से कम नहीं. जब डॉ. अनीता से पूछा कि पूरा देश जिस मामले को लेकर इतना संवेदनशील है, तब आप ऐसा क्यों कह रही हैं? उन्होंने फिर वही बातें दोहराईं और कहा-देखिए, मेरी उस पीडि़ता के प्रति पूरी संवेदना है लेकिन ऐसी घटनाओं को महिलाएं ही समझदारी दिखाकर रोक सकती हैं. वहां अधिकारी भी मौजूद थे किसी ने इस महिला को रोकने की कोशिश नहीं की.








