दैनिक जागरण में एक बार फिर छंटनी की तलवार चलनी शुरू हो गई है. इधर, कोर्ट में मजीठिया वेज बोर्ड की सुनवाई हो रही है तो दूसरी तरफ जागरण में एक बार फिर कत्लेआम करने की तैयारी चल रही है. पिछले दिनों बरेली में दो लोगों को निकाले जाने का फरमान सुनाया गया था तो अबकी दो लोग नोएडा में शिकार बनने वाले हैं. बताया जा रहा है कि टीपी कम्युनिकेशन में दो दशक से कार्यरत गिरीश मिश्रा एवं विजय कोहली को प्रबंधन ने इस्तीफा देने का फरमान सुनाया है.
हालांकि अभी किसी ने इस्तीफा नहीं दिया है. गिरीश मिश्र ने इस्तीफा देने से मना कर दिया है तो विजय कोहली मेडिकल पर चल रहे हैं. बीस सालों से ज्यादा की सेवा देने के बाद निकाले जाने के फरमान से दोनों लोग हतप्रभ हैं. विरोध के बाद इस मामले को प्रबंधन ने कुछ दिन के लिए टाल दिया है, पर सूत्रों का कहना है कि इन लोगों का हिसाब फाइनल कर दिया गया है. प्रबंधन इनसे किसी भी कीमत पर इस्तीफा लेगा.
इन लोगों को बताया गया है कि अब इनका विभाग बंद किया जा रहा है, इसलिए इनकी जरूरत अब संस्थान को नहीं है. खबर है कि यह सब कुछ मजीठिया वेज बोर्ड के लागू होने के अंदेशे को देखते हुए किया जा रहा है. गौरतलब है कि इसके पहले भी दैनिक जागरण पिछले साल अपने पूरे संस्थान में सैकड़ों लोगों की छंटनी कर चुका है, जबरिया नौकरी से निकाल चुका है. कई लोग इसके खिलाफ लेबर कोर्ट एवं अन्य सक्षम अदालतों में मुकदमा दायर कर रखा है.