: पुलिस के खिलाफ पत्रकार भी कर रहे थे आंदोलन : लखनऊ : मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर जालौन के पुलिस अधीक्षक आरपी चतुर्वेदी को शनिवार को निलंबित कर दिया गया। प्रमुख सचिव गृह आरएम श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यों में लापरवाही एवं गड़बड़ी पाये जाने पर चतुर्वेदी को निलंबित किया गया है। अपने कार्यकाल में विवादित रहे आरपी चतुर्वेदी सपा कार्यकर्ताओं के एक धड़े की भेंट चढ़ गए। अमर उजाला के एक पत्रकार को फर्जी फंसाए जाने का आरोप भी पुलिस पर लगा है। इसे लेकर जिले के पत्रकार धरना भी दे रहे हैं।
सूत्रों का कहना है कि शुक्रवार को सयुस के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र यादव सीएम अखिलेश से मिले तथा एसपी की शिकायत की। शिकायत करते समय सुरेंद्र रो पड़े। उसके बाद सुरेंद्र की लिखित शिकायत के बाद सीएम से एसपी आरपी चतुर्वेदी को निलंबित कर दिया। माना जा रहा है कि पत्रकारों के आंदोलन ने भी इस आग में घी का काम किया। चतुर्वेदी को निलंबित करने के बाद क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र चुनार से संबद्ध कर दिया गया है।






